
ठियोग ( शिमला)। मांगों को लेकर माकपा नेताओं ने शुक्रवार को ठियोग में हल्ला बोला। इस दौरान माकपा प्रदेश सचिव राकेश सिंघा ने बताया कि एक समय आएगा कि एक घर से एक युवक को नहीं बल्कि गांव के ही युवक को सरकारी नौकरी मिल पाएगी। सिंघा ने कहा कि आज भ्रष्टाचार इतनी बुरी तरह अपने पांव पसार चुका है कि पैदा होने वाला हर बच्चा भी भ्रष्टाचार का शिकार हो जाता है। प्रदेश में जनता को घर बनाने के लिए भूमि का अधिकार, भोजन का अधिकार, शिक्षा व स्वास्थ्य, रोजगार का अधिकार व प्रदेश में हर क्षेत्र में फैल रहे भ्रष्टाचार से छुटकारा मिलना चाहिए। इस अवसर पर एसएफआई के राज्य अध्यक्ष कपिल भारद्वाज ने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार जो यह अमरीकाप्रस्त अर्थिक नीतियों को लागू कर रही है, उससे गरीब तथा अमीर के बीच का फासला निरंतर बढ़ता जा रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार को गरीब मजदूर तथा आम जनता के पक्ष में ठोस नीतियां लानी चाहिए। किसान नेता बालकृष्ण बाली ने कहा कि आज प्रदेश में हर घर में गरीबों के लिए आवास का प्रावधान होना चाहिए। संदीप वर्मा ने कहा कि आज युवा पीढ़ी देश में सबसे ज्यादा बेरोजगार का शिकार हो रही है। अच्छे संस्थानों से लाखों खर्च कर शिक्षा ग्रहण किए युवाओं को मात्र चार से पांच हजार रुपये की नौकरी से ही गुजारा करना पड़ रहा है। किसान नेता मोहन शीलू ने कहा कि आज जो किसान या बागवान मेहनत करता है, उसका लाभ ग्रोवरों को ज्यादा मिलता है। जनता के समक्ष प्रदेश तथा देश की कमियों को रखते हुए सभी नेताओं ने कहा कि अगर जल्द आम जनता के हित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो माकपा का संघर्ष आंदोलन में तबदील हो जाएगा।
भगत राम बने संघ के प्रधान
ठियोग (शिमला)। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में अराजपत्रित कर्मचारी संघ की ठियोग इकाई की बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ के जिला चुनाव प्रभारी एमआर वर्मा, आमंत्रित आचार्य मस्त राम बरागटा, एसएस जोगटा, ओपी शर्मा तथा हेम सिंह ठाकुर ने भाग लिया। इस बैठक में भगत राम वर्मा को प्रधान, उपप्रधान केशव भारद्वाज, महासचिव अतर सिंह खाची, जबकि कोषाध्यक्ष बाबूराम शर्मा को सर्वस्म्मति से निर्वाचित किया गया।
