कूड़ा एकत्रीकरण योजना का ठेका रद

रामपुर बुशहर। डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण योजना का ठेका दोबारा होगा। बार-बार मिल रही कूड़ा न उठाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद ने श्रीखंड टेक्नालाजी का ठेका रद कर दिया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बुधवार को हुई बजट बैठक में इस पर लंबी चर्चा के बाद पार्षदों ने सर्वसम्मति से ठेका रद किया।
उन्होंने बताया कि सात मार्च को बैठक बुलाई गई है। इसमें कूड़ा उठाने का ठेका नए सिरे से करने को टेंडर काल करने पर निर्णय लिया जाएगा। अबकी बार नगर परिषद इसका ठेका तीन से चार लोगों को देने पर विचार कर रही है। नगर परिषद ने शहर को सुंदर एवं स्वच्छ बनाने के मकसद से डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण योजना शुरू की है। इसके तहत घर-घर से कूड़ा उठाया जा रहा था। ठेका श्रीखंड टेक्नालाजी को दिया था। बताया जाता है कि संस्था यह कार्य बेहतर ढंग से नहीं कर रही थी। हर रोज किसी ने किसी वार्ड से जब नगर परिषद को कूड़ा न उठाने की शिकायतें मिलने लगीं तो ठेकेदार को इस पर पक्ष रखने को कहा गया। इसके लिए सात दिनों का समय दिया गया था, मगर ठेकेदार ने अपना पक्ष नहीं रखा। आखिर, नगर परिषद ने अपनी कार्यवाही आगे बढ़ाते हुए बुधवार को श्रीखंड टेक्नालाजी का ठेका रद कर अब योजना का ठेका नए सिरे से कराने का निर्णय लिया है।

Related posts