
होशियारपुर (पंजाब)
पंजाब के होशियारपुर में कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश को काले झंडे दिखाए। वहीं कुछ किसानों ने काफिले को रोकने की कोशिश भी की। मामला होशियारपुर के छाब्बेवाल का है। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
विभिन्न किसान संगठनों ने विरोध किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए पुतला जलाया। सोम प्रकाश पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में संवाददाता सम्मेलन करने पहुंचे थे। जब इसके बारे में किसानों को पता चला तो वह विरोध करने के लिए पहुंच गए।
केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने पत्रकारों से बातचीत ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र होशियारपुर में 3436.82 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। केंद्रीय मंत्री के खिलाफ किसानों ने जमकर नारेबाजी की और मंत्री वापस जाओ के नारे भी लगाए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद, जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा और अन्य लोग मौजूद रहे।
