मंडी कालेज में चाबी न देने पर बवाल

मंडी। वल्लभ महाविद्यालय मंडी में शुक्रवार को नाट्य कलाकारों केसाथ दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ गया। इस मामले पर एसएफआई ने कालेज के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में कालेज प्राचार्य को हस्तक्षेप करना पड़ा तो मामला सुलझ सका।
एसएफआई का आरोप था कि नाटय कलाकार कालेज के कांफ्रेंस रूम में नाटक की रिहर्सल करना चाहते थे। इसके लिए नाट्य कलाकारों ने कालेज सुपरिंटेंडेंट से कांफ्रेंस रूम की चाबी मांगी। सुपरिंटेंडेंट ने नाटक कलाकारों को चाबी देने से मना कर दिया। नाटक कलाकारों ने जब फिर आग्रह किया तो इस पर कालेज सुपरिंटेंडेंट भड़क गए तथा नाटक कलाकारों को बुरा-भला कहा। इस घटना के बाद नाटक कलाकारों के समर्थन में एसएफआई उतर आई। एसएफआई ने कालेज कैंपस में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र सुपरिंटेंडेंट से माफी मांगने पर अड़े रहे। बाद में प्राचार्य के हस्तक्षेप से मामला सुलझ सका। एसएफआई के अनुसार सुपरिंटेंडेंट ने अपनी गलती कबूल की है। एसएफआई सचिव सागर ठाकुर, उपाध्यक्ष हेमराज तथा चेतन ने कहा कि अगर छात्र कोई गलती करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है। उसी तरह कालेज प्रशासन की गलती भी गलती है। उधर, इस मामले पर कालेज प्राचार्य एमएस जम्बाल ने बताया कि कांफ्रेंस हॉल में स्टाफ मीटिंग थी। जिस वजह से सुपरिंटेंडेंट कांफ्रेंस रूम की चाबी देने से मना कर रहे थे। मामला तत्काल सुलझा दिया गया था।

Related posts