चट्टान से कई मकानों को खतरा

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले की ब्रुआ पंचायत के चुनंग गांव में सड़क धंसने से कई मकानों को खतरा पैदा हो गया है। दरअसल, जिस जगह सड़क धंसी है वहां एक बड़ी चट्टान है जो भूमि कटाव होने पर कभी भी नीचे खिसक सकती है। अगर पहाड़ी नीचे खिसकी तो इससे सड़क के नीचे बने डेढ़ दर्जन से अधिक मकानों को क्षति पहुंचेगी। शुक्रवार को लोगों ने डीसी से मुलाकात कर सुरक्षा की गुहार लगाई। एनसीपी अध्यक्ष सुंदर देव के नेतृत्व में उपायुक्त से मिले चुनंग गांव निवासी जवाला नंद, गंगा सुख, सुख चंद, विज्ञान सिंह, हरीश चंद्र, कपिला, जय कुमारी, भूपी चंद, किशोरी लाल, लक्ष्मण, जयदेव, विजेंद्र, जोगेंद्र, राकेश, राजेश, दीपक तथा पूर्ण भक्ति ने बताया कि चट्टान गांव के ऊपर कभी भी खिसक सकती है। इसलिए, इसको समय पर तोड़ना जरूरी है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले सड़क धंस गई थी जिसके बाद भूमि कटाव निरंतर जारी है। इसलिए चट्टान के खिसकने की प्रबल संभावना बनी हुई है।
उधर, उपायुक्त कैप्टन जेएम पठानिया ने समस्या सुनने के बाद लोक निर्माण विभाग को चट्टान को तोड़ने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कंट्रोल ब्लास्ट करके चट्टान को तोड़ा जाए।

Related posts