निर्धारित बिजली, अधिक हो रही खर्च

बद्दी (सोलन)। बीबीएन में स्थित निजी घरों और सरकारी संस्थानों ने अपने भवनों का विस्तार कर कई गुणा बढ़ा लिया है, वहीं उसी हिसाब से बिजली का लोड मंजूर नहीं कराया है। जिससे बिजली बोर्ड को प्रतिभूति राशि के रूप में लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। कम लोड पर अधिक बिजली खर्च करने से बिजली बोर्ड को कुल खपत का सही आंकलन नहीं हो पा रहा है, वहीं जरूरत से ज्यादा बिजली की खपत होने से ट्रांसफार्मर जल रहे हैं तथा घरों में आगजनी की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में बद्दी स्कूल में भी प्रधानाचार्य का रूम आग लगने से जल गया। पुलिस का मानना है कि शार्ट सर्किट से आग लगी है।
बीबीएन क्षेत्र में औद्योगिक पैकेज आने के बाद लोगों ने किराए के लिए मकान खड़े कर दिए हैं, लेकिन लोगों ने जो शुरू में लोड स्वीकृत कराया था अब भी वहीं चल रहा है। बद्दी में 13 हजार उपभोक्ताओं ने बिजली के कनेक्शन ले रखे हैं। घरेलू उपभोक्ताओं ने एक किलोवाट से कम ही लोड स्वीकृत कराया हुआ है। सरकारी स्कूलों में सर्व शिक्षा अभियान व आरएमएसए के तहत नए भवनों के निर्माण हुए है। इसके अलावा साइंस लैब व परीक्षा केंद्र बने हैं। यहां पर शुरू से ही सिंगल फेज के मीटर लगे हुए हैं
बिजली बोर्ड घरेलू उपभोक्ता से 170 रुपये प्रति किलो वाट के हिसाब से प्रतिभूति राशि वसूलता है लेकिन वर्तमान में एक किलो वाट से कम लोड लेने वाले उपभोक्ताओं ने अपने लोड 10 किलोवाट से भी अधिक बिना परमिशन के बढ़ा लिए हैं। वार्ड नंबर दो में पटियाला बैंक के पास तथा हाउसिंग बोर्ड के फेज वन में बिजली की अधिक खपत होने से कई बार ट्रांसफार्मर जल चुके हैं।
वहीं इस संबंध में बिजली बोर्ड के बद्दी उपमंडल के सहायक अभियंता दर्शन ठाकुर ने बताया कि बोर्ड समय-समय पर इसकी जांच करता है तथा निर्धारित लोड से अधिक बिजली खर्च करने वालों के खिलाफ सेक्शन 126 के तहत जुर्माना वसूली जाती है।

Related posts