
चंडीगढ़
हरियाणा में 27 दिसंबर को संपन्न निकाय चुनाव के नतीजे आज आएंगे। सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर संबंधित जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए हैं। सोनीपत, पंचकूला व अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला, धारुहेड़ा और उकलाना नगरपालिका के चुनाव हुए हैं। मेयर, नगर परिषद व नगरपालिका अध्यक्ष का सीधा चुनाव हुआ है। यहां देखें मतगणना से जुड़े सभी अपडेट्स…
लाइव अपडेट
09:26 AM, 30-DEC-2020
पंचकूला में दूसरे राउंड में कांग्रेस पांच वोट से आगे
पंचकूला में पहले राउंड में बढ़त के बाद दूसरे राउंड में कांग्रेस मात्र पांच वोट से आगे है। कांग्रेस को 3410 मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी को 3405 वोट मिले।
09:22 AM, 30-DEC-2020
पंचकूला में पहले राउंड में कांग्रेस आगे
पंचकूला में पहले राउंड में कांग्रेस की प्रत्याशी उपिंदर आहलूवालिया 44 वोट से आगे चल रही हैं। अभी तक उपिंदर को 1747 वोट और कुलभूषण गोयल को 1703 वोट मिले हैं।
09:20 AM, 30-DEC-2020
सोनीपत में कड़ा मुकाबला
सोनीपत में बीजेपी और कांग्रेस में कड़ी टक्कर चल रही है। तीन राउंड के बाद बीजेपी उम्मीदवार ललित बत्रा 546 वोट से आगे हुए।
09:13 AM, 30-DEC-2020
सिरसा उपचुनाव में हलोपा को जीत
सिरसा के वार्ड 29 के उपचुनाव में हलोपा प्रत्याशी 422 से जीत गई हैं।
09:12 AM, 30-DEC-2020
सोनीपत : दूसरे राउंड में कांग्रेस आगे
सोनीपत में दूसरे राउंड में कांग्रेस के निखिल मदान 200 वोट से आगे हुए। पहले राउंड में ललित बत्रा 400 वोट से आगे थे
09:09 AM, 30-DEC-2020
हुड्डा के गढ़ में हारी भाजपा
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हलके गढ़ी सांपला किलोई के एकमात्र कस्बे सांपला के नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को करारी हार मिली है। निर्दलीय प्रत्याशी पूजा को कुल 6428 वोट मिले वहीं भाजपा प्रत्याशी सोनू वाल्मीकि को 2468 वोट मिले।
09:01 AM, 30-DEC-2020
सांपला में निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा को मात दी
सांपला में निर्दलीय प्रत्याशी पूजा को मिली जीत। कुल वोट 6428 मिले। भाजपा प्रत्याशी को 2468 वोट मिले। पूजा की जीत के बाद लोगों ने खुशी मनानी शुरू कर दी।
08:56 AM, 30-DEC-2020
अंबाला में एक वार्ड में बीजेपी, दो वार्डों में आजाद प्रत्याशी आगे
अंबाला नगर निगम चुनाव में मेयर पद प्रत्याशी के लिए हरियाणा जन चेतना पार्टी की शक्ति रानी भाजपा की डॉ. वंदना शर्मा से 600 वोट से आगे चल रही हैं। शक्ति रानी पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा की पत्नी है। तीसरे नंबर पर हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट प्रत्याशी अमीषा चावला और कांग्रेस की मीना अग्रवाल बराबर हैं। अंबाला नगर निगम चुनाव में एक वार्ड में बीजेपी तो दो वार्डों में अभी आजाद प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। कड़ी सुरक्षा में मतगणना जारी है।
08:53 AM, 30-DEC-2020
रेवाड़ी में अभी नहीं खुला भाजपा का खाता
रेवाड़ी नगर परिषद के 21 वार्ड के में से पहले 3 वार्ड के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें दो में निर्दलीय व तीसरे वार्ड में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। भाजपा का खाता अभी तक नहीं खुल पाया है।
08:51 AM, 30-DEC-2020
रेवाड़ी में तीन वार्डों के नतीजे आए
रेवाड़ी नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 से संगीत लता को मिली जीत, वार्ड नंबर 2 से सुरेश शर्मा ने बाजी मारी। वार्ड नंबर 3 से प्रवीण चौधरी 500 वोटों से जीते। रेवाड़ी के वार्ड नंबर 3 में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रवीण कुमार ने भाजपा की प्रत्याशी पूर्व चेयरमैन विनीता पीपल को 500 से अधिक वोटों से हराया।
08:46 AM, 30-DEC-2020
मतगणना केंद्र के पास भीड़ जमा नहीं होने देंगे : डीसी
सोनीपत के डीसी श्याम लाल पूनिया ने कहा कि मतगणना केंद्र के पास भीड़ जमा नहीं होने देंगे। मतगणना पूरी पारदर्शिता के साथ राउंडवाइज की जाएगी। लोग अफवाहों से दूर रहकर कानून व्यवस्था व शांति बनाए रखें। जिस प्रकार निगम चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है, उसी प्रकार से मतगणना भी व्यवस्थित ढंग से करवाई जाएगी।
08:38 AM, 30-DEC-2020
पंचकूला में मतगणना शुरू होते ही हुआ हंगामा
पंचकूला में मतगणना शुरू होते ही हंगामा हो गया जिसके कारण मतगणना रोक दी गई। कांग्रेस की मेयर पद की प्रत्याशी उपिंदर आहलूवालिया के बेटे धवल आहलूवालिया ने हंगामा कर दिया जिसके बाद डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने मतगणना को रोकने के आदेश दिए। धवल आहलूवालिया की भाजपा नेताओं के साथ बहस हुई। कुछ मिनट बाद मतगणना फिर शुरू की गई।
08:34 AM, 30-DEC-2020
पंचकूला में पुलिस ने सुरक्षा के लिए लगाए स्पेशल नाके
पंचकूला में मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा पास जारी किए गए हैं। बिना पास के किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी। मतगणना के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के लिए स्पेशल पुलिस नाकों की व्यवस्था की है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटा जा सके। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर रिजर्व बल को भी बुलाया जा सकता है।
08:25 AM, 30-DEC-2020
पंचकूला में मतगणना के लिए बने तीन सुरक्षा चक्र
पंचकूला में निगम चुनाव के लिए मतगणना सेक्टर-14 में तीन सुरक्षा चक्रों में होगी। इसके लिए तीन सौ जवान तैनात किए गए हैं। जिसमें 230 पुलिसकर्मी कॉलेज के अंदर और 70 जवानों को बाहर तैनात किया गया है। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस को शहर में जगह-जगह नाके लगाने के लिए कहा गया है।
08:17 AM, 30-DEC-2020
प्रत्याशियों की उपस्थिति में खोले गए स्ट्रांग रूम
सोनीपत में निगम चुनाव की मतगणना के लिए सुबह 7:30 बजे मेयर व पार्षद प्रत्याशियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोले गए। एक स्ट्रांग रूम में मेयर व दूसरे स्ट्रांग रूम में पार्षद पदों की ईवीएम रखी गई हैं। दोनों स्ट्रांग रूम मजबूत सुरक्षा घेरे में है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से छह ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त हैं। स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए सीसीटीवी की व्यवस्था भी की गई है।
08:07 AM, 30-DEC-2020
सोनीपत में मतगणना के कारण रुट डायवर्ट
सोनीपत में मतगणना के कारण रुट डायवर्ट किया गया है। कड़ाके की सर्दी में मतगणना केंद्रों के बाहर पुलिस अलाव तापती दिखाई दी।
07:57 AM, 30-DEC-2020
107 प्रत्याशियों का इंतजार आज हो जाएगा खत्म
27 दिनों से चल रही चुनावी परीक्षा में 107 प्रत्याशियों का इंतजार आज चुनावी परिणाम आने के साथ खत्म हो जाएगा। 6 मेयर पद प्रत्याशी और 101 वार्ड पद प्रत्याशियों के भाग्य पर 27 दिसंबर को 1 लाख 5 हजार 683 ने मुहर लगाते हुए परिणाम ईवीएम में बंद कर दिए थे, जोकि आज सभी के सामने होंगे।
07:49 AM, 30-DEC-2020
पार्षदों की मतगणना में एक टेबल पर केवल एक वार्ड के मतों की गणना
पार्षदों की मतगणना में एक टेबल पर केवल एक वार्ड के मतों की गणना होगी। इसके अलावा मेयर के लिए लगाई गई 10 टेबलों पर मेयर की मतों की गणना होगी। इसके लिए सभी टेबलों पर मतगणना अधिकारियों के अलावा सुपरवाइजर और ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
07:46 AM, 30-DEC-2020
पंचकूला में सेक्टर-14 की सड़क बंद रहेगी
पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा ने बताया कि बुधवार को सेक्टर-14 कॉलेज का मार्ग आमजन की आवाजाही के लिए सुबह 6 से लेकर दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा। इसके लिए रैली चौक से सेक्टर-12-ए की दोनों साइड को बैरिकेट्स लगाकर बंद कर दिया गया है। सड़क के दोनों तरफ पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि इस सड़क की तरफ न आकर वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें। मतगणना केंद्र में आने वालों के लिए वाहनों की पार्किंग के लिए बेल कॉलोनी के पास खाली जगह में व्यवस्था की गई है।
07:29 AM, 30-DEC-2020
स्टाफ कर्मचारियों का कराया गया कोरोना टेस्ट
जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि मतगणना स्टाफ को कॉलेज में मंगलवार को ट्रेनिंग दी गई थी। इससे पहले स्टाफ कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट भी किया गया। उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए कुल 20 टेबल लगाई गई हैं, जिनमें 10 टेबल मेयर और 10 पर वार्डों की मतगणना करवाई जाएगी। पार्षदों की मतगणना में एक टेबल पर केवल एक वार्ड के मतों की गणना होगी।
07:26 AM, 30-DEC-2020
मतगणना के लिए प्रशासन ने 50 अधिकारियों की ड्यूटी, सुरक्षा में 300 जवान तैनात
पंचकूला सेक्टर-14 स्थित गर्ल्स कॉलेज में निकाय चुनाव के मतों की गणना शुरू होगी। इसकी तैयारी जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है। मतगणना के लिए प्रशासन ने 50 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है, जबकि सुरक्षा में 300 जवानों को तैनात किया गया है। मतगणना के लिए कॉलेज के हाल को दो हिस्सों में बांटा गया है। मेयर और पार्षदों के लिए 10-10 टेबल लगाए गए हैं। मतगणना के दौरान पूरी पारदर्शिता बनी रहे इसके लिए हाल में 9 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रशासन ने सुपरवाइजर और ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं।
07:23 AM, 30-DEC-2020
निकाय चुनाव मत प्रतिशत
अंबाला नगर निगम में कुल वोट 187131, एक लाख से अधिक ने डाले वोट
पंचकूला नगर निगम में कुल मतदाता 185708, 94417 ने डाले वोट
सोनीपत नगर निगम में कुल मतदाता 250771, 141311 ने डाले वोट
07:19 AM, 30-DEC-2020
भाजपा, जजपा गठबंधन ने जीत के लिए लगाई पूरी ताकत
सत्तारूढ़ भाजपा, जजपा गठबंधन ने निकाय चुनाव में जीत के लिए पूरी ताकत लगाई है तो कांग्रेस ने भी चुनाव को दमखम के साथ लड़ा है।
07:08 AM, 30-DEC-2020
हरियाणा निकाय चुनावः तीन वार्ड के परिणाम घोषित, भाजपा का नहीं खुला खाता
पंचकूला, सोनीपत में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर
पंचकूला, सोनीपत में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा, जबकि अंबाला में चतुष्कोणीय मुकाबला है। रेवाड़ी नगर परिषद में भी भाजपा व कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। दोनों ही दल निकाय चुनाव में अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।
