
जम्मू
23 अक्तूबर को ही आ जाएंगी विभागों की एडवांस पार्टियां
कैंप कार्यालयों में अधिकतम 10 कर्मी होंगे
उपराज्यपाल प्रशासन ने सर्दियों के लिए वार्षिक दरबार मूव का शेड्यूल जारी कर दिया है। सचिवालय के साथ सप्ताह में पांच दिन खुलने वाले कार्यालय 30 अक्तूबर को बंद हो जाएंगे, जबकि हफ्ते में छह दिन खुलने वाले कार्यालयों का काम 31 अक्तूबर को बंद हो जाएगा। एक नवंबर को अमला रिकॉर्ड के साथ जम्मू कूच करेगा। सभी कार्यालय नौ नवंबर को जम्मू सचिवालय में खुलेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार दरबार मूव के कैंप कार्यालयों के साथ कुल 33 फीसदी अथवा अधिकतम 10 कर्मचारी ही जाएंगे। सभी विभाग एक गजटेड अफसर और पांच कर्मचारियों को 23 अक्तूबर को एडवांस पार्टी के तौर पर जम्मू भेजेंगे। एडवांस पार्टी रिकॉर्ड पहुंचने की पुष्टि करेगी। सुरक्षा, परिवहन समेत अन्य सेवाओं से संबंधित विभाग दरबार मूव से जुड़े इंतजाम सुनिश्चित करेंगे।
कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट जरूरी
स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के तहत दरबार मूव से जुड़े सभी कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट होगा। रैपिड टेस्ट में पॉजिटिव कर्मी निगेटिव होने तक ड्यूटी ज्वाइन नहीं करेंगे।
25-25 हजार के भत्ते समेत एडवांस में वेतन
दरबार मूव के साथ आने वाले कर्मियों को मूव विशेष भत्ते के तौर पर 25-25 हजार रुपये मिलेंगे। निर्धारित समय से मूव नहीं करने वाले मुलाजिम भत्ते के हकदार नहीं होंगे। दरबार मूव कर्मियों को अक्तूबर माह का वेतन 23 अक्तूबर को ही उनके खाते में एडवांस ट्रांसफर होगा। एडवांस वेतन को किस्तों में चुकाना होगा।
जम्मू में कार्यालय का समय
नागरिक सचिवालय और विभागों के अध्यक्षों के दफ्तर सुबह 9.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक खुलेंगे। इसी तरह से सचिवालय के बाहर स्थित कैंप आफिस सुबह 10.00 से शाम 4.30 बजे तक काम करेंगे। कैंप कार्यालय सप्ताह में छह दिन खुलते हैं।
