रेलवे ट्रैक पर तेंदुआ, लोगों में दहशत

शिमला। राजधानी के हेरिटेज रेलवे ट्रैक पर इन दिनों तेंदुआ टहल रहा है। शाम ढलने के बाद अक्सर लोगों को रेलवे ट्रैक के आसपास तेंदुआ दिखाई दे रहा है। रेलवे स्टेशन के आसपास स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण तेंदुआ आवासीय क्षेत्र तक पहुंच रहा है जिसके चलते लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।
रेलवे स्टेशन के पास बनी आवासीय कालोनी के लोग तेंदुए की गुर्राहट के कारण डर के माहौल में वक्त काट रहे हैं। 103 टनल से लेकर रेलवे स्टेशन तक सुनसान इलाके में हर रोज शाम के समय तेंदुआ दिखाई दे रहा है। रेलवे स्टेशन गेस्ट हाउस के चौकीदार राम सिंह ने बताया कि बीते रोज उन्होंने रेलवे गेस्ट हाउस के पास रात 9:15 बजे के करीब तेंदुआ देखा। विधानसभा से रेलवे स्टेशन की ओर आ रहे एक अन्य युवक को भी तेंदुआ दिखा। जब तेंदुए पर टार्च की रोशनी लगाई गई तब कहीं जा कर तेंदुआ यहां से 103 टनल की ओर भागा। रेलवे स्टेशन कालोनी में रहने वाले विश्वनाथ शर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब सवा ग्यारह बजे वे चंडीगढ़ से शिमला पहुंचे। बस स्टैंड से घर की ओर जाते हुए उनका सामना तेंदए से हुआ। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन पुल क्रास करते समय उन्होंने रेलवे ट्रक पर तेंदुआ कुत्ते के पीछे भागता हुआ देखा। तीन दिन पहले सैनिटोरियम के पास उनके दोस्त पद्मदेव को भी तेंदुआ दिखाई दिया। रेलवे स्टेशन कालोनी में रहने वाले लोगाें ने वन विभाग से तुरंत तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है ताकि कोई गंभीर घटना पेश न आए। साथ ही स्थानीय लोगों ने नगर निगम से रेलवे स्टेशन के पास लगी स्ट्रीट लाइटें तुरंत दुरुस्त करने की भी मांग की है।
——
शिमला डिविजन के डीएफओ वीके शर्मा ने बताया कि रेलवे स्टेशन नगर निगम क्षेत्र में आता है बावजूद इसके लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा। उधर नगर निगम के डीएफओ इंद्र कुमार का कहना है कि तेंदुए का घूमना आम बात है लेकिन यदि तेंदुआ लोगों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता है तो इसे पकड़ा जाएगा।

Related posts