पुलिस सुरक्षा चाहिए, मैं जज हूं, सच्चाई जान उड़े होश

पुलिस सुरक्षा चाहिए,  मैं जज हूं,  सच्चाई जान उड़े होश

लुधियाना (पंजाब)
लुधियाना पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो खुद को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का जज बताता था। आरोपी ने पुलिस अधिकारियों से कहा था कि वह एक समारोह में शामिल होने आ रहा है और परिवार उसके साथ है। उसे पुलिस सुरक्षा दी जाए।

उच्चाधिकारियों के कहने पर थाना डिवीजन छह के एसएचओ अमनदीप सिंह बराड़ और थाना मोती नगर की एसएचओ सब इंस्पेक्टर किरणदीप कौर उसे हाईकोर्ट का जज समझकर उसे रिसीव करने को समराला चौक के पास खड़े हो गए। आशंका होने पर जब उससे पहचान पत्र मांगा तो आरोपी ने रौब दिखाना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना मोती नगर पुलिस ने चंडीगढ़ के रहने वाले आरोपी विकास जैन के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना डिवीजन छह के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह और थाना मोती नगर की एसएचओ सब इंस्पेक्टर किरणदीप कौर ने बताया कि देर रात विकास जैन ने उच्चाधिकारियों को फोन कर बताया कि वह पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का जज है और परिवार के साथ लुधियाना के सुंदर नगर इलाके में समारोह में शामिल होने आ रहा है।
उसे अपने और परिवार की पुलिस सुरक्षा चाहिए। इसके बाद दोनों थाना प्रभारियों की ड्यूटी लगा दी गई। समराला चौक के पास दोनों पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान चंडीगढ़ की तरफ से (सीएच01बीएक्स4141) गाड़ी आती दिखी तो उसे समराला चौक के पास रोक लिया गया। अपनी पहचान बताने के बाद उन्होंने विकास जैन से पहचान पत्र मांगा तो वह रौब दिखाने लगा। उसने कहा कि वह अपना पहचान पत्र नहीं दिखाएगा। जब उससे दोबारा पहचान पत्र मांगा गया तो उसने कहा कि वह पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस है और फिर उसके बाद आरोपी ने खुद को सुप्रीम कोर्ट का जज बताया।

जब पुलिस ने हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार से जानकारी ली तो पता चला कि विकास जैन नाम का कोई जज ही नहीं है। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह रौब दिखाने को ऐसा करता था। पुलिस अब जांच में जुटी है कि आरोपी के खिलाफ पहले कोई मामले दर्ज हैं या नहीं। वह किस वजह से और किन लोगों को दिखाने के लिए ऐसा करता था।

 

Related posts