पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों में दागे गोले, बीएसएफ ने दिया मुंहतोड़ जवाब

पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों में दागे गोले, बीएसएफ ने दिया मुंहतोड़ जवाब

हीरानगर
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने जैसी कायराना हरकत से पाकिस्तान बाज नहीं आ रहा है। हीरानगर सेक्टर के सीमावर्ती गांव चक चंगा पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने पप्पू चक पोस्ट से वीरवार रात साढे दस बजे से लेकर सुबह साढे चार बजे तक अंधाधुंध गोलाबारी की। इस गोलाबारी में एक मंदिर सहित कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है।

वहीं पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीएसएफ की चांदवां, करोल मात्रयां पोस्ट को भी निशाना बनाया, जिसका बीएसएफ ने मुंहतोड़ जवाब दिया। रिहायशी इलाकों में की गई गोलाबारी के दौरान चक चंगा गांव के बालकृष्ण के घर की दीवार में कई गोलियां लगीं, जिससे दीवार में दरारें आ गईं। कुछ घरों के भीतर भी  गोलियां पहुंची, जिसके बाद लोग सहम गए। हालांकि किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। पहले लोग गोलाबारी के दौरान बंकरों में छुप जाते थे, लेकिन बरसात के कारण बंकरों में भी पानी भरा गया है। ऐसे में लोगों को मजबूरन घरों में ही कोने की आड़ लेकर रात गुजारनी पड़ी।
उधर, शुक्रवार सुबह सीमावर्ती लोगों ने रोष प्रकट करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। ग्रामीणों ने कहा कि अगर इसी तरह गोलाबारी जारी रही तो लोगों को पलायन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। वहीं, गोलाबारी की घटना के बाद शुरूक्रवार को डीसी कठुआ ओपी भगत और बीएसएफ के अधिकारी भी गांव में पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।
उल्लेखनीय है कि सीमा पर चल रहे सुरक्षा बांध के कार्य को बाधित करने के लिए पाकिस्तान रात को गोलाबारी करता है। इसी दौरान रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाता है।

 

Related posts