
चौपाल (शिमला)। भारी हिमपात के बाद चौपाल में अभी तक जनजीवन पटरी पर नहीं लौट सका है। यहां यातायात ठप होने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। लोग कड़ाके की सर्दी में रातें अंधेरे में गुजारने के लिए मजबूर हैं।
भारी हिमपात के बाद बिजली सप्लाई बंद होने से कई उठाऊ पेयजल योजनाओं ने भी कार्य करना बंद कर दिया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगाें को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण रूटों सहित शिमला मार्ग पर चलने वाली निगम की बस सेवाएं भी तीन दिन से ठप हैं। मात्र नेरवा से चौपाल चलने वाले वाहन चल रहे हैं। मार्ग बंद होने से लोगाें को पैदल की सफर तय करना पड़ रहा है। सरकारी तथा गैर सरकारी कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने में भारी दिक्कत हो रही है। यातायात बंद होने से रोजमर्रा की वस्तुओं की सप्लाई भी रुक गई है। विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता बंसी लाल ने बताया कि बर्फबारी के कारण लाइनें टूटने से दिक्कतें पेश आई हैं। लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि शीघ्र विद्युत सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता टेक सिंह चंदेल ने बताया कि मार्गों को खोलने के लिए मशीनें तैनात की गई हैं। सड़कों को खोलने का कार्य प्रगति पर है। शीघ्र सभी मार्गों को खोल दिया जाएगा।
