एसडीएम ने सुना पीड़ितों का दुखड़ा

सांगला (किन्नौर)। एसडीएम भावानगर विवेक चौहान ने काफनू पंचायत का दौरा किया और ग्लेेशियर से प्रभावित लोगों का दुखड़ा सुना। उन्होंने प्रभावितों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। एसडीएम यहां के मोरानूंग नाले में खिसके ग्लेशियरों को देखकर दंग रह गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने आज से पहले इतने बड़े आकार का ग्लेशियर कभी नहीं देखा।
गत दिनों काफनू के मोरानूंग नाले में भारी ग्लेशियर आया था और दो परिवार के सात लोग कई घंटों तक इसके नीचे दब रहे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें जिंदा बाहर निकाला। एसडीएम ने कहा कि ग्रामीणों ने विकट परिस्थिति में ग्लेशियर के नीचे दबे लोगों को जीवित बचाकर मिसाल कायम की है। एसडीएम ने कहा कि प्रभावितों को गृह निर्माण के लिए जल्द राशि दी जाएगी। फिलहाल, दोनों प्रभावित परिवारों को काफनू स्थित बिजली बोर्ड की कालोनी में शिफ्ट किया गया है। आशियाने बनने तक उन्हें वहीं पर रहने दिया जाएगा।

Related posts