
जम्मू

पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उसने शुक्रवार को उत्तरी कश्मीर के उड़ी सेक्टर में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की। इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य नागरिक भी घायल हुए हैं।
उधर पुंछ के कीरनी सेक्टर में उसने घुसपैठ कराने के लिए जबरदस्त गोलाबारी करने के साथ ही बैट हमले की कोशिश की, जिसे सेना ने नाकाम कर दिया। दोनों मोर्चो पर सेना ने जबरदस्त जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की एक दर्जन चौकियां तबाह कर दीं। इसमें आठ सैनिक मारे गए, जबकि 19 सैनिक घायल हुए हैं। दूसरी ओर रात आठ बजे पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के बालाकोट और राजोरी के बालाकोट में भी गोलाबारी शुरू कर दी जो देर रात तक जारी थी।
शुक्रवार शाम 4.25 बजे पाकिस्तानी सेना ने कसबा और कीरनी में सेना की चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार से गोलाबारी शुरू कर दी। इस बीच पाकिस्तानी सेना की शह पर आतंकियों के साथ ही बैट ने कीरनी फारवर्ड क्षेत्र में हमले की कोशिश की जिसे सेना ने यूनिवर्सल मशीनगनों और राकेट लांचर दागकर नाकाम बनाया। इससे बैट सदस्यों को पीछे भागना पड़ा। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा के काफी दूर से तोपों का प्रयोग करते हुए कुछ गोले दागे जो डोकरी और बगयादरा में गिरे।
दहशत में पाकिस्तान ने बंद की बिजली सप्लाई
पुंछ में सेना की कार्रवाई से इतनी दहशत रही कि पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर अपने क्षेत्र में देर रात तक बिजली भी बंद कर दी। इसका नजारा कीरनी और शाहपुर से साफ दिखाई दिया। सूत्रों का कहना है कि सेना की कार्रवाई में दहशत में आई पाकिस्तानी सेना ने रात नौ बजे के बाद अपनी कुछ गाड़ियों की हेडलाइट बंद कर कीरनी फारवर्ड तक पहुंचाया और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल सैनिकों को वहां से निकाल कर ले गए।
घुसपैठ के लिए 20 आतंकियों ने डाला डेरा
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी सेना तीन-चार माह से कीरनी, रखचिखड़ी और राजारानी क्षेत्र में 20 से अधिक आतंकियों को वहां एकत्र किए हुए है ताकि उनको घुसपैठ करा सके, लेकिन वह सफल नहीं हो पा रही थी।
चार दिन पहले भी बैट भेजने की हुई थी कोशिश
पाकिस्तान ने चार दिन पहले आतंकियों को घुसपैठ कराने और सेना को नुकसान पहुंचाने के लिए बैट को इस क्षेत्र में भेजा था, लेकिन सेना की मुस्तैदी ने बैट और पाकिस्तानी सेना के मंसूबों को नाकाम बनाने के साथ ही पाक सेना को करारी चोट दी है।
उड़ी में छह से अधिक गांवों में गिरे गोले
श्रीनगर में सेना के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8.20 बजे पाकिस्तान ने एलओसी के उड़ी के रामपुर सेक्टर में मोर्टार और छोटे हथियारों से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार सुबह छोटे और बड़े हथियारों से अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की।
एलओसी के करीब बथाग्राम, नामब्ला, सैदपोरा, थजल, सिलीकूट, चुरूंडा और आसपास के अन्य गांवों में गोले गिरने लगे। इस दौरान एलओसी के करीब बथाग्राम गांव में एक मोर्टार शेल जहूर अहमद चिची के घर पर गिरा। इससे उसकी पत्नी अख्तर बेगम (40) की मौके पर ही मौत हो गई। नामब्ला गांव में भी एक महिला प्रवीना बेगम (35) घायल हो गई।
पाकिस्तान की तबाह हुई चौकियों से धुआं उठता देखा गया। एसएसपी बारामुला अब्दुल कयूम ने गोलाबारी में एक महिला की मौत और दो से तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पचास से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
पाकिस्तान ने आईबी पर भी दो घंटे की गोलाबारी
पाकिस्तान 25 चिनाब रेंजर्स ने अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर वीरवार रात साढ़े 11 से देर रात 1.10 बजे तक बीएसएफ की करोल माथरयां पोस्ट को निशाना बनाकर गोलाबारी की। सीमा पर सुरक्षा बांध के काम को बाधित करने के लिए पाकिस्तान पिछले कई दिनों से गोलाबारी कर रहा है। इधर पहले से ही सतर्क सेना ने गोलाबारी का जवाब देते हुए पोस्ट और लोगों की सुरक्षा की। गोलाबारी में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। सुबह स्थानीय पुलिस, सीआरपीएफ और एसओजी ने संयुक्त रूप से सुबह छह से आठ बजे तक सीमावर्ती इलाकों में सर्च आपरेशन चलाकर चप्पे-चप्पे को खंगाला।
