घूमने से मना करना पड़ा भारी, आधी रात युवकों ने बोला धाबा, घरों में किया पथराव

मुक्तसर (पंजाब)

घरों में की गई तोड़फोड़।

मोहल्ले में चक्कर लगाने से रोकने पर कुछ युवकों ने वार्ड नंबर 28 में पड़ते कोटली रोड के हनुमान मंदिर के पास वाले क्षेत्र में बुधवार आधी रात के बाद लोगों के घरों में पथराव कर दिया। आरोपियों ने लोगों के घरों में घुसकर तोड़-फोड़ की। एक धर्मशाला व सैलून भी तोड़ दिया। इस घटनाक्रम में आसपास लगे पावरकॉम के बिजली मीटर बॉक्स भी क्षतिग्रस्त हो गए।

लोगों के अनुसार, बदमाश तलवारें, कापे व अन्य हथियारों के साथ आए थे। साथ ही शराब की बोतलों में तेजाब भी भरकर लाए थे। इन उपद्रवियों ने आते ही घरों में बोतलें और पत्थर फेंकने शुरू कर दिया और दरवाजों पर तलवारों व अन्य हथियारों से वार किए।
यह भी पढ़ें- शहादत से पहले जवान की आखिरी कॉल, बच्चों की फोटो देखने की थी ख्वाहिश, सैल्यूट कर मां ने दी अंतिम विदाई
थाना सिटी पुलिस को दी शिकायत में मोहल्ला निवासी राजेश कुमार ने बताया कि आदर्श नगर निवासी अभिषेक उर्फ कीकू अक्सर ही उनके मोहल्ले में चक्कर लगाता था। लोग उसे ऐसा करने से रोकते थे। बीती रात भी वह करीब दस बजे अपने दोस्त अरुण के साथ मोहल्ले में मंडरा रहा था। इस बात पर मोहल्ले वालों ने उसे रोका तो उनकी बहस हो गई। उसके बाद रात करीब साढ़े 12 बजे अभिषेक अपने साथ करीब 25-30 लोगों को लेकर आया।

उनके हाथों में हथियार व तेजाब की बोतलें थीं। आते ही उन्होंने लोगों के घरों पर हमला कर दिया। ये लोग घरों पर बोतलें फेंकने लगे। जब वह जान बचाने को घरों में घुसे तो आरोपियों ने पीछे-पीछे घर में आकर तोड़फोड़ की और कुछ सामान जला भी दिया। इस हमले में पांच घरों को नुकसान हुआ है। उसके सैलून व पास की धर्मशाला में भी तोड़फोड़ हुई है।

थाना सिटी के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि राजेश कुमार के बयान पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, अभिषेक, शिवा, अनवर, सनी, विक्की, विनय, जस, मनी, दीपू, आकाश, गोला, निक्कू, रॉक समेत करीब 25 लोगों के खिलाफ जांच चल रही है। इन लोगों के आरोपी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वार्ड के पूर्व पार्षद ओम प्रकाश पप्पू, प्रधान विजय, राजेश कुमार, सोनू, राम चंद, सतीश कुमार, रवीना आदि ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग की है।

 

Related posts