
चंडीगढ़

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के फैसले और कारगुजारी पर समय-समय पर उंगली उठाते रहे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य प्रताप बाजवा ने एक बार फिर उनको पत्र लिखकर गन्ना किसानों के बकाया पैसे को जल्द दिलाने का तकाजा किया है। इस बार उनको पार्टी के तीन विधायकों का साथ भी मिला है।
बाजवा काफी समय से कैप्टन के कामकाज पर सवाल उठाते रहे हैं। लेकिन अब तक वे यह काम अकेले ही कर रहे थे लेकिन इस बार उन्हें फतेहजंग सिंह बाजवा, जोगिंदर पाल भोआ और बलविंदर सिंह लाडी का भी साथ मिल गया है। पत्र पर तीनों के हस्ताक्षर हैं। पत्र में बाजवा ने लिखा है कि सीएम गन्ना किसानों का चीनी मिलों की तरफ बकाया पैसे तुरंत जारी कराएं। उन्होंने लिखा है कि सूबे की सहकारी और निजी चीनी मिलों द्वारा गन्ने की राशि का भुगतान न करने के कारण किसान मुश्किल में आ गए हैं।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस को झटका दे सकते हैं सिद्धू, इस पार्टी में शामिल होकर बनना चाह रहे सीएम चेहरा
वर्ष 2018-19 सीजन के लिए सहकारी और निजी चीनी मिलों की तरफ किसानों का 96.36 करोड़ रुपया बकाया है। जबकि 2019-20 सीजन का बकाया 585.12 करोड़ रुपये बनता है। इनमें सहकारी मिलों की तरफ 298.48 करोड़ और निजी मिलों की तरफ 383 करोड़ रुपये बकाया है। यह नियमों का उल्लंघन है क्योंकि मिलों को 14 दिन के भीतर गन्ने की कीमत की अदायगी करना जरूरी है।
