गैंगस्टर से बरामद दो ड्रम गन मशीन बड़ी तबाही की तरफ इशारा : डीजीपी पंजाब दिनकर गुप्ता

कपूरथला

डीजीपी पंजाब दिनकर गुप्ता
पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर बलजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के पास दो ड्रम गन मशीन देखकर तो पंजाब पुलिस भी हैरान है। यूएस सीक्रेट सर्विस के जर्मन मेड एसआईजी सुएर और आस्ट्रिया मेड ग्लाक पिस्टल की बरामदगी भी किसी बड़ी तबाही की ओर से इशारा कर रही है।

जानकारी के अनुसार, आतंकवाद के काले दौर के दौरान ही किसी आतंकी के पास ड्रम गन मशीन मिली थी। उसके बाद अब पहली बार पंजाब पुलिस के हाथ ड्रम गन मशीन लगी हैं, वो भी एक नहीं, बल्कि दो। यह बात की ओर साफ इशारा करती है कि इन हथियारों के पीछे कहीं न कहीं पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ है।
डीजीपी पंजाब दिनकर गुप्ता पहले ही खुलासा कर चुके हैं कि बिल्ला के पाकिस्तानी अवैध हथियारों की तस्करों से संबंध हैं, वहीं पाकिस्तान में शरण लिए बैठे केएलएफ और केजेडएफ संगठन से भी मेलजोल है। ऐसे में इतनी भारी तादाद में हथियारों, गोली-सिक्का, ड्रग मनी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के मकसद से ही लाए गए हैं, जिसे पंजाब पुलिस समेत खुफिया एजेंसियों को ट्रेस करना बेहद लाजमी है।
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी के गांव कमालपुर-मोठांवाल में पंजाब पुलिस की आर्गनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट (ओसीसीयू), काउंटर इंटेलीजेंस जालंधर और जिला कपूरथला पुलिस ने बेहद संजीदगी और तालमेल के साथ मिशन को सफल बना तो लिया है, लेकिन इन पाकिस्तान पोषित गैंगस्टर से असली मकसद के अलावा हाल ही में श्रीनगर में मारे गए आतंकी रियाज नायकू के लिंक से भी जांच को आगे बढ़ाना होगा।

यह सवाल भी बड़ा है कि कर्फ्यू-लाकडाउन के बीच इतना बड़ा जखीरा गांव मोठांवाल पहुंचा कैसे। अगर यह पहले से यहां मौजूद था तो कब यहां लाया गया। हालांकि अभी तक इस सवाल पर पुलिस का कोई अधिकारी जवाब देने को तैयार नहीं है। सभी पूछताछ का दौर जारी रहने का हवाला देकर आगामी दिनों में खुलासा करने की बात कह रहे हैं।

यह भी बड़ा सवाल है कि ऐसे विदेशी हथियार बिल्ला से मिले हैं तो जरूर उसे इन्हें चलाने की ट्रेनिंग भी हासिल होगी। अगर यह हथियार बार्डर पार से तस्करी करके पहुंचे है तो बिल्ला भी इन्हें चलाने की ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान जरूर गया होगा। इन सभी सवाल का जवाब तो ज्वाइंट आपरेशन टीम की पूछताछ के बाद ही उजागर होंगे। जानकारों की मानें तो ऐसे खतरनाक हथियार किसी बेहद बड़े खतरे की ओर इशारा करते हैं।

गौरतलब है कि 25 अप्रैल को पंजाब पुलिस ने अमृतसर से गिरफ्तार आतंकवादी नायकू के साथी हिलाल अहमद वागे को रकम देने आए दो मददगारों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद इतना बड़ा हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। एसएसपी कपूरथला सतिंदर सिंह ने कहा कि अभी इस संवेदनशील मैटर पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।

पूछताछ के बाद आगामी दो-तीन दिन में जरूर खुलासा करेंगे। काउंटर इंटेलीजेंस जालंधर के एआईजी हरकमलप्रीत सिंह खख ने यह तो माना कि दो ड्रम गन मशीन और अत्याधुनिक हथियार पहली बार मिले हैं। इससे ज्यादा उन्होंने जांच जारी होने का हवाला देकर कुछ नहीं बताया। कहा कि जो पता चला था, उसे शुक्रवार को बता दिया गया था। आगे जांच में जो कुछ सामने आएगा, उसका खुलासा भी जरूर करेंगे।

 

Related posts