
स्वारघाट (बिलासपुर)। विकास खंड कार्यालय स्वारघाट में सदर और स्वारघाट विकास खंडों की त्रैमासिक बैठक बीडीसी चेयरमैन अमर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पिछले दो वर्ष के दौरान 13वें वित्त आयोग के तहत पंचायत समिति सदस्यों की ओर से करवाए गए विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें पंचायतों में मनरेगा के तहत स्वीकृत विकास कार्यों को विकास खंड अधिकारियों और पंचायत अमलीजामा न पहनाए जाने पर सभी पंचायत समिति सदस्यों ने रोष व्यक्त किया है।
बैठक में छडोल-कचोली के बीडीसी सदस्य नरवीर सिंह ठाकुर, कोठीपुरा-कल्लर के सदस्य अनिल ठाकुर, नकराणा के रामलाल चौधरी, सीमा ठाकुर, बैहल-कौडांवाला-टरवाड़ के बीडीसी सदस्य मान सिंह धीमान, कलो देवी, तनबौल-टाली के सदस्य कैप्टन चौधरी राम ठाकुर सहित सभी सदस्यों ने पंचायत समिति सदस्यों ने मनरेगा के तहत स्वीकृत कार्य नहीं करवाने पर पंचायतों के प्रति नाराजगी जाहिर की। बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में मांग की है कि प्रदेश सरकार की गोबर गैस प्लांट योजना को दोबारा से शुरू किया जाए, ताकि महंगाई के इस दौर में आम जनता को कुछ राहत मिल सके। यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि किसानों को अपनी फसलों को जंगली जानवरों और लावारिस पशुओं से बचाने के लिए बाड़ लगाने के लिए कांटेदार तार पर 80 फीसदी अनुदान दिया जाए। पंचायत समिति उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने एनटीपीसी प्रभावितों का समर्थन कर सरकार से मांग की है कि इस लोगोें की उचित मांगों को एनटीपीसी को जल्द पूरा करने के आदेश दिए जाएं। सभी सदस्यों ने एकमत होकर सीमेंट कंपनियों से मांग की है कि प्रभावित ग्राम पंचायतों को सीमेंट सरकारी दाम पर दिया जाए। बैठक में बीडीओ सदर प्रकाश चंद, बीडीओ स्वारघाट राजेंद्र जसवाल, पंचायत इंस्पेक्टर अनिल पठानिया और संबंधित विभाग के एसडीओ, जेई तथा सदर और स्वारघाट विकास खंडों के सभी पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे।
