एक लाख पीपीई किट भारत में हर दिन हो रही तैयार

नई दिल्ली

PPE Kit
भारत कोरोना वायरस से जंग लड़ने के लिए लॉकडाउन सहित विभिन्न प्रकार के उपाय कर रहा है। सरकार द्वारा लोगों को सलाह दी जा रही है कि वह इस वायरस से बचाव के लिए सामाजिक दूरी का पालन करें और बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें।
वहीं, मास्क को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि दो महीने पहले तक भारत में पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट) बनाने वाली एक भी कंपनी नहीं थी, लेकिन पिछले दो महीने में 104 ऐसी कंपनियां तैयार हुई हैं जो पीपीई किट का निर्माण कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि ये कंपनियां सरकार को हर दिन एक लाख पीपीई किट तैयार कर दे रही है। पिछले एक सप्ताह से चीन से आयातित पीपीई किट और एन95 मास्क पर असर पड़ा है। चीन ने वर्तमान में अपने निर्यात नियमों में सख्ती बढ़ा दी है।

अधिकारी ने बताया कि चीन में चिकित्सा उपकरण बनाने वाली कंपनियों को पहले यहां एनएमपीए (नेशनल मेडिकल प्रोडक्ट एडमिनिस्ट्रेशन) में पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद आयातित सामान की जांच की जाएगी। तब जाकर उस सामान को दूसरे देशों में भेजने की इजाजत मिलेगी। इस कारण चीन से आने वाले सामान में देरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि चीन को एक-एक करोड़ पीपीई किट और एन95 मास्क का ऑर्डर दिया गया है। साथ ही 100 से अधिक घरेलू कंपनियां भी हैं, जो मास्क निर्मित कर रही है।  केंद्र सरकार की ओर से अभी तक करीब सात लाख पीपीई और 33 लाख एन95 मास्क की सप्लाई की जा चुकी है।

गौरतलब हो कि इससे पहले, देश में कोरोना के अस्पतालों पर जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बताया था कि भारत में 30 जनवरी को पहला मामला सामने आया था, लेकिन जब चीन में इस वायरस के बारे में पता चला तो पीएम मोदी ने इसके रोकथाम की तैयारी करने का आदेश दे दिया था।

उन्होंने बताया था कि वर्तमान में देश में कोरोना समर्पित 723 अस्पताल है, जिनमें 1,86,000 आइसोलेशन बेड, 4000 आईसीयू बेड और 12,190 वेंटिलेटर हैं और इन सभी चीजों को तीन महीने के अंतराल पर तैयार किया गया है।

बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1684 नए मामले सामने आए हैं और 37 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 23,077 हो गई है, जिसमें 17,610 सक्रिय हैं, 4749 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 718 लोगों की मौत हो गई है।

Related posts