
कुल्लू। सेब का बगीचा लगाना है तो अब टेंशन लेना छोड़ दो। मनरेगा योजना में इसका तगड़ा समाधान हो चुका है। उद्यान विभाग ने पौध रोपण को मनरेगा से जोड़ दिया है। इससे हर वर्ग के लोगों का बागीचा सौ फीसदी अनुदान पर लगाया जाएगा।
बागवानी महकमे के अधिकारियों के अनुसार हालांकि इस योजना का फायदा उठाने के लिए कुछ लंबी प्रक्रिया तो जरूर है लेकिन इसका फायदा बागवानों को ज्यादा होगा। योजना का फायदा उठाने के लिए बागवान को जमीन का पर्चा और तितिमा विभाग के उद्यान विकास अधिकारी के पास जमा करना होगा। इसके बाद केस डीसी कुल्लू के माध्यम से पास होगा और फिर खंड विकास अधिकारी कार्यालय से मस्ट्रोल जारी किया जाएगा। विभाग के अधिकारी के आदेशानुसार बागवान को पौधा रोपण के लिए लगाए मजदूरों की दिहाड़ी का मस्ट्रोल, पौधों की खरीद का बिल, खाद्य, गोबर और अन्य कार्यों के बिल जमा करवाने होंगे। इन तमाम प्रक्रियाओं के बाद बागवान के नाम पर विभाग चेक जारी करेगा। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह योजना बागवानों के लिए वरदान से कम नहीं। लिहाजा, इस योजना का उन्हें भरपूर फायदा उठाना चाहिए।
