

सुरक्षा बलों को सोपोर के बलगाम इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली। इस पर शनिवार शाम को 52 राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ तथा एसओजी ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान सुरक्षा बलों को ओल्ड टाउन बारामुला के चिश्ती कालोनी निवासी आतंकी दानिश अहमद काकरू को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दानिश ने शनिवार सुबह ही आतंकी संगठन का दामन थामा था।
हंदवाड़ा में आतंकियों के दो मददगार गिरफ्तार
हंदवाड़ा पुलिस ने शनिवार को आतंकियों के दो मददगारों को गिरफ्तार किया। इनके पास से हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने क्रालगुंड थाने में मुकदमा दर्ज पूछताछ शुरू कर दी है। इनसे आतंकियों के संबंध में कुछ अहम सुराग हाथ लग सकते हैं।
हंदवाड़ा पुलिस ने 30 राष्ट्रीय राइफल्स तथा 92 बटालियन सीआरपीएफ के साथ पंथाचौक क्रालगुंड इलाके में नाका लगाया था। यहां चेकिंग के दौरान दो लोगों ने सुरक्षा बलों को देखकर भागने की कोशिश की, जिन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने अपनी शिनाख्त नजीर अहमद वानी तथा बशीर अहमद वानी के रूप में बताई। दोनों शेखपोरा तर्थपोरा के रहने वाले है।
तलाशी के दौरान उनके बैग से एक एके 74 राइफल, तीन मैगजीन, 7.62 एमएम के 147 कारतूस, एक चाइनीज पिस्टल, तीन पिस्टल मैगजीन, चाइनीज पिस्टल की 24 गोलियां, एक यूबीजीएल बरामद किया गया।
