कोरोनावायरस : राज्य भर में 71,900 मरीजों की जांच, 9 संदिग्ध के नमूने भेजे दिल्ली एम्स : मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू

चंडीगढ़
सांकेतिक तस्वीर।
पंजाब के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि अब तक राज्य भर में 71,900 मरीजों की जांच की जा चुकी है। इनमें प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले 5,814 लोग भी शामिल हैं। शुक्रवार को 9 संदिग्ध लोगों के नमूने एम्स दिल्ली भेजे गए हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए स्टेट रैपिड रिस्पांस टीम के अलावा, जिला रैपिड रिस्पांस टीम और कंट्रोल रूम नंबर वाले जिला नोडल अफसरों की सूची सभी जिलों में जा चुकी है। आइसोलेशन वार्डों में बेड भी 649 से बढ़ाकर 823 कर दिए गए हैं।

रोजाना हेडक्वार्टर केंद्रीय निगरानी इकाई, आईडीएसपी दिल्ली भारत सरकार को रिपोर्टिंग की जा रही है। सिद्धू ने अत्यधिक खतरे वाले इलाकों में कोरोना के लिए रोज निगरानी करने वाली आईडीएसपी (एकीकृत रोग निगरानी प्रोग्राम) की टीमों की मेहनत की भी प्रशंसा की।

मास्क व दवाओं को महंगे दामों पर बेचने से रोकने के निर्देश
सेहत मंत्री ने कहा कि सभी जोनल लाइसेंसिंग अथॉरिटी और ड्रग कंट्रोल अफसरों को निर्देश दिए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि राज्य भर के दवाओं के थोक व्यापारियों और परचून विक्रेता लोगों से अधिक कीमत न वसूलें। कुछ खास दवाएं और मास्क की जमाखोरी को भी रोका जाए।अधिकारियों को राज्य के सभी क्षेत्रों में ऐसे उत्पादों की उपलब्धता को यकीनी बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों की केमिस्ट एसोसिएशनों के साथ मीटिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति काला बाजारी, दवाएं और अन्य उत्पादों की जमाखोरी में शामिल पाया जाता है तो डीपीसीओ-2013 की धाराओं के अंतर्गत केमिस्ट के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी स्तर पर कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सिद्धू ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के पास पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव उपकरण) के अलावा ट्रिपल लेअर्ड मास्क और एन-95 के मास्क का काफी भंडार है, जो स्वास्थ्य संरक्षण अमले द्वारा कोरोना या अन्य ऐसी संक्रमक की बीमारियों के संदिग्ध मामलों की जांच के दौरान इस्तेमाल किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य ने मोहाली के हवाई अड्डे, सभी जिला अस्पतालों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों को इंफ्रारेड थर्मामीटर भी खरीद कर मुहैया करवाए गए हैं ताकि संदिग्ध मरीजों के शरीर का तापमान बिना छुए पता किया जा सके।

भीड़ में जाते समय इन बातों का रखें ध्यान
पंजाब सरकार ने आम लोगों को भीड़ में जाते समय स्वास्थ्य सलाह जारी की गई है। एडवाइजरी के तहत बताया गया है कि किसी के साथ हाथ न मिलाएं, किसी से गले न मिलें, खुले में न थूकें, जिस व्यक्ति को बुखार है उसे भीड़ में जाने से परहेज करना चाहिए और जिस व्यक्ति को खांसी या बुखार है, उस व्यक्ति से लगभग एक मीटर की दूरी रखें। यदि किसी व्यक्ति को खांसी या बुखार है तो उसे अपना मुंह मास्क या रुमाल के साथ ढककर रखना चाहिए। जिस व्यक्ति को खांसी या बुखार है, उसे लाजिमी तौर पर नजदीकी सरकारी अस्पताल में रिपोर्ट करनी चाहिए।किसी व्यक्ति ने 14 दिनों में चीन, नेपाल की यात्रा की हो तो उसे 14 दिनों के लिए घर में अलग रखा जाना चाहिए और किसी भीड़ वाले स्थान पर नहीं जाना चाहिए। जारी स्वास्थ्य सलाह के अनुसार, सेहतमंद व्यक्ति जिसे खांसी, बुखार नहीं है को मास्क की जरूरत नहीं है। और अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर-104 पर संपर्क किया जा सकता है।

एसजीपीसी ने अपने अस्पताल में तैयार किया आईसीसीयू
चंडीगढ़ में शुक्रवार को एसजीपीसी की अंतरंग कमेटी की बैठक के दौरान राज्य में कोरोनावायरस से निपटने के लिए कदम उठाने का फैसला किया गया। एसजीपीसी के प्रधान गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने बताया कि एसजीपीसी के प्रबंध के अधीन श्री गुरु रामदास मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में अलग वार्ड और आईसीसीयू तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए विशेष डॉक्टरों की ड्यूटी भी लगाई गई है। होला मोहल्ला के मौके पर भी एसजीपीसी डॉक्टरों की टीम को लोगों की सहायता के लिए भेजा जा रहा है।

इन जगहों पर इतने लोगों की हुई जांच

  • अमृतसर एयरपोर्ट – 48867
  • मोहाली एयरपोर्ट – 5116
  • वाघा/अटारी बार्डर : 5401
  • डेरा बाबा नानक चेकपोस्ट : 12516

Related posts