
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। राज्य सरकार ने लाहौल के बारिंग हेलीपैड के लिए पांच दिन बाद फिर हेलीकाप्टर उड़ानों का शेड्यूल जारी कर दिया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को पहली उड़ान भुंतर-बारिंग-भुंतर के बीच, दूसरी उड़ान भुंतर-उदयपुर-भुंतर के बीच, तीसरी उड़ान भुंतर-तांदी (डाइट)-भुंतर के बीच होगी। इससे पहले बारिंग हेलीपैड के लिए छह फरवरी को उड़ान होना तय था।
खराब मौसम के चलते छह और सात फरवरी को बारिंग के लिए कोई भी उड़ान नहीं हो पाई थी। ऐसे में यात्रियों को यह उम्मीद थी कि तय शेड्यूल के मुताबिक नौ फरवरी को बारिंग के लिए हेलीकाप्टर की उड़ान होगी। सरकार ने उस दिन पांगी और चंबा के लिए उड़ान करवाई। बारिंग हेलीपैड के लिए दो बार उड़ान रद्द होने पर यात्रियों में काफी मायूसी रही। लाहौल निवासी राकेश कुमार, शाम लाल, जाहलमा पंचायत के प्रधान सुरेंद्र कुमार ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि एक बार जिस हेलीपैड के लिए उड़ानों का शेड्यूल जारी कर दिया जाता है तो किसी कारण वश उड़ान न होने की सूरत में शेड्यूल में फेरबदल न किया जाए। प्रधान ने कहा कि छह फरवरी को भुंतर से बारिंग के लिए दूसरी उड़ान तय थी। लेकिन खराब मौसम के चलते दो दिन तक बारिंग हेलीपैड के लिए उड़ान नहीं हो पाई थी। इससे हेलीपैड पहुंचे यात्रियों को भारी बर्फ और ठंड के बीच मायूस होकर लौटना पड़ा है। राज्य सरकार के जीएडी ने सोमवार को लाहौल घाटी के लिए हेलीकाप्टर की तीन उड़ानों का शेड्यूल जारी कर दिया है। उधर, कुल्लू में तैनात उड़ान समिति के प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि ये सभी उड़ानें मौसम पर निर्भर रहेंगी। इस बीच मौसम केंद्र ने भी 11 और 12 फरवरी को प्रदेश में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान बताया है।
