ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटर चालक की मौत

पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा एनएच-72 मार्ग पर भूपपुर के समीप हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटर चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने शिकायत दर्ज कर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पंजाब के पठानकोट निवासी मोहन सिंह (42) पांवटा के एक प्रतिष्ठित दवा इकाई में कार्यरत थे। वीरवार देर शाम को मोहन स्कूटर पर सवार होकर इकाई से बद्रीपुर आवास को आ रहे थे। एनएच-72 मार्ग पर भूपपुर के समीप एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। इससे स्कूटर सवार मोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पांवटा थाने व 108 एंबुलेंस को दी। अटल स्वास्थ्य योजना 108 एंबुलेंस की ईएमटी गुरजीत कौर व पायलट अंकित वाहन से घायल को सिविल अस्पताल पांवटा लेकर पहुंचे। जहां पर डाक्टर ने युवक को मृत घोषित किया।
उधर, थाना प्रभारी भगत राम मेहता ने मामले की पुष्टि की है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Related posts