भवन बनाओ या उनके दो लाख लौटाओ

चंबा। भटियात ब्लाक के तहत नैनीखड्ड में कम्यूनिटी हाल का निर्माण निजी भूमि पर करवाया जाना संबंधित पंचायत प्रधान को महंगा पड़ सकता है। वीरवार को सांसद डा. राजन सुशांत की अध्यक्षता में हुई सांसद निधि की समीक्षा बैठक में इस भवन को दिए गए दो लाख का हिसाब पूछा गया तो बीडीओ ने बताया कि यह काम लटका हुआ है। काम लटकने का कारण इसके निर्माण में निजी भूमि आना बताया गया। बताया गया कि दो लाख की धनराशि पंचायत को जारी कर दी गई थी। इस राशि में से भवन का कार्य करवाया गया है और कुछ राशि शेष बची है। इस पर सांसद ने सख्त लहजे से कहा कि भवन का निर्माण पहले भूमि की पूरी जांच किए बिना कैसे किया गया। इस पर जो धनराशि खर्ची गई है, इसकी जिम्मेवारी उसकी होगी, जिसने गलत भूमि पर इसे खर्चा है। उन्होंने बीडीओ को कहा कि या तो इस भवन का कार्य पूरा करवाया जाए या फिर उनके दो लाख लौटाए जाएं। सांसद ने कहा कि अगर धनराशि के दुरुपयोग के लिए पंचायत प्रधान दोषी हैं तो दो लाख उनसे रिकवर किए जाएं। उन्होंने भवन निर्माण को राशि दी थी, इसको गलत जगह खर्च करने वाले को इसका भुगतान करना होगा।

Related posts