
जम्मू

अफरा तफरी का माहौल
पेट्रोल पंप और कई दिनों तक बंद रहने की अफवाह फैलाने वाले को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने यह भी पता लगा लिया कि रविवार को कहां से अफवाह फैली थी। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि खौड़ के जसवीर सिंह उर्फ बादशाह उर्फ डॉन नाम के व्यक्ति ने यह अफवाह फैलाई थी। बादशाह के खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक केस दर्ज हैं। एसएसपी तेजिंदर सिंह ने बताया कि रविवार शाम को कुछ लोग खौड़ इलाके में खड़े थे। तभी वहां बादशाह दौड़ता आया और लोगों से कहा कि जंग होने वाली है। कल पेट्रोल पंप भी बंद हो जाएंगे। सब कुछ बंद होने वाला है।बस यह बात आग की तरह फैल गई। पुलिस यह पता लगा रही है कि बादशाह के अफवाह फैलाने के बाद और कौन-कौन लोग हैं, जिन्होंने इस अफवाह को आगे फैलाया। पुलिस ने जब बादशाह से पूछा कि उसने यह अफवाह क्यों फैलाई, तो उसने कहा कि उससे गलती हो गई है।एसएसपी का कहना है कि अभी तो उसने इतना ही बताया है। लेकिन आरोपी के खिलाफ पूर्व में छेड़छाड़, एनडीपीएस के केस दर्ज हो चुके हैं। वह नशा भी करता है। बता दें कि रविवार को एकदम से शहर में यह अफवाह फैल गई कि पेट्रोल पंप बंद होने वाले हैं। इसके बाद पूरे जिले के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल डीजल भरवाने वालों की लंबी कतारें लग गईं।अफरा तफरी का माहौल बन गया और तेल के लिए मारामारी मच गई। जम्मू शहर में भी कंटीले तार लगने और धारा 144 लागू होने की अफवाह फैली। इससे हर तरफ अफरा तफरी का माहौल बन गया। देर शाम पुलिस और प्रशासन को सफाई देनी पड़ी कि यह सब अफवाह है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।एसएसपी ने यह भी बताया है कि सोमवार को पूरे जिले में सब कुछ सामान्य रहा। कहीं से किसी प्रकार के बवाल या फिर किसी घटना की जानकारी नहीं है। सब जगह स्कूल-कॉलेज खुले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट सेवा भी जल्द ही बहाल हो जाएगी। हालांकि यह सब उच्च स्तर पर होगा।रविवार को जम्मू में धारा 144 लागू होने और तरह-तरह की अफवाह फैलाने वाले दो युवकों की पहचान की गई है। पुलिस ने इनके खिलाफ केस दर्ज किया है और इनके फेसबुक अकाउंट भी बंद करवा दिए हैं। इन लोगों का हालांकि किसी तरह के संगठन या फिर तंजीम से कोई संबंध नहीं है। यह सामान्य अकाउंट होल्डर थे, जो फेसबुक पर अफवाह फैला रहे थे। पुलिस ने इनकी पहचान की और इनके खिलाफ केस दर्ज कर अकाउंट बंद करवा दिए।
