सांसद गांगुली ने बेटे के कार हादसे पर बिना मांगे ही दी सफाई, पीएम मोदी को टैग कर लिखी ये बात

न्यूज डेस्क
भाजपा सांसद रूपा गांगुली
भाजपा सांसद रूपा गांगुली

खास बातें

  • बेटे आकाश के कार हादसे को लेकर भाजपा सांसद रूपा गांगुली ने तुरंत किए ट्वीट
  • सांसद गांगुली ने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी किया टैग
  • लिखा- न मैं गलत करती हूं, न गलत सहती हूं। मैं बिकाऊ नहीं हूं।

भाजपा सांसद रूपा गांगुली के बेटे आकाश मुखर्जी ने गुरुवार रात दक्षिण कोलकाता के एक क्लब की दीवार में अपनी कार से टक्कर मार दी। घटना के दौरान वह कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। इस दौरान कई लोग बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद आकाश को जाधवपुर पुलिस थाने ले जाया गया, पूछताछ की जा रही थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही सांसद गांगुली हरकत में आ गईं। उन्होंने ट्वीट कर खुद पुलिस को जानकारी देने की बात कही।

बेटे के हादसे का शिकार होने की बात पता चलते ही भाजपा सांसद रूपा गांगुली ने तुरंत एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा- मेरा बेटा मेरे आवास के पास दुर्घटना का शिकार हो गया। मैंने पुलिस को फोन किया ताकि वह इसके कानूनी पहलुओं को देखे… कृपया कोई पक्ष नहीं लिया जाए/कोई राजनीति न की जाए। मैं अपने बेटे से प्यार करती हूं और उसका ध्यान रखूंगी लेकिन कानून को अपना काम करना चाहिए।

इसके ठीक नीचे एक और बात लिखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग भी किया, लिखा- न मैं गलत करती हूं, न गलत सहती हूं। मैं बिकाऊ नहीं हूं।

Related posts