
मैहतपुर (ऊना)। प्रदेश की सीमा पर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में दिनदिहाड़े अज्ञात हमलावरों ने उद्यमी को मौत के घाट उतारकर शांत वादियों में दहशत का जहर भर दिया है। उद्यमी का कत्ल क्यों किया गया, इसके पीछे वजह क्या रही, इसका खुलासा पुलिस तफ्तीश के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस उद्योगपति के परिजनों से गहन पूछताछ कर रही है।
उद्योगपति विनोद कुमार जैन की वीरवार को गोली मारकर हत्या करने वाले अज्ञात हमलावर कौन थे, पुलिस के लिए यह बड़ा सवाल है। आम लोग और औद्योगिक संघ के सदस्यों भी हमलावरों के संबंध में जानना चाह रहे हैं। हमलावरों की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि हमलावरों की उद्योगपति से क्या दुश्मनी थी। वारदात के पीछे आपसी रंजिश का खेल है अथवा पैसों के लेन-देन को लेकर हत्या की साजिश रची गई थी, तीनों अज्ञात हमलावर प्रोफेशनल किलर हैं अथवा उनसे हत्या करवाई गई है, ऐसे कई सवाल हैं जिनका पुलिस जवाब ढूंढ रही है। देवभूमि हिमाचल की शांत वादियों में दिनदिहाड़े एक उद्योगपति को गोली से भून दिया जाता है। इससे उद्योगपति सहमे हुए हैं। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र में पिछले तीन-चार दशक से अपने उद्योग चला रहे अनेक उद्योगपतियों की मानें तो उन्होंने इस तरह की वारदात यहां पहले कभी नहीं देखी। कुछ दुकानदारों से पुलिस को पता चला है कि पंजाब से आए तीनों अज्ञात हमलावर बुधवार से ही इलाके में घूम रहे थे। उन्होंने कारखाने में जाकर उद्यमी विनोद जैन के बारे में पूछताछ की थी। उद्यमी का ज्यादातर वक्त जम्मू के कारखाने में ही गुजरता था। वे मैहतपुर में कभी-कभार ही आते थे। बुधवार को पत्नी के साथ उनके आने की सूचना उन अज्ञात हमलावरों को कैसी लगी, इस दिशा में भी पुलिस कार्रवाई जारी है। पुलिस के मुताबिक स्थानीय ऑयल मिल्ज का कारोबार देखने वाले उनके निकट संबंधी प्रदीप कुमार भी वीरवार दोहपर को ही वारदात के कुछ समय पूर्व मैहतपुर पहुंचे थे। हैरत की बात यह कि पंजाब से हत्या के इरादे से आए तीन अज्ञात युवक असले के साथ किस प्रकार खुलेआम घूमते रहे। पंजाब से हिमाचल में दाखिल होते वक्त कहीं कोई पूछताछ अथवा जांच पड़ताल नहीं हुई। पुलिस प्रशासन के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती उन हमलावरों की धड़पकड़ की है, जो बड़े इत्मीनान से हिमाचल आते हैं और दिनदिहाड़े एक उद्यमी को गोली से भून कर फरार हो जाते हैं। उधर, एसपी रविंद्र शर्मा कहते हैं कि पुलिस अन्य उद्यमियों और दुकानदारों से भी पूछताछ कर रही है। गोली रिवाल्वर से चली है या देसी कटे से फायर हुआ, इसका भी पता लगाया जा रहा है। उद्यमी की पत्नी और फैक्टरी में काम देखने वाले नजदीकी रिश्तेदार से भी पूछताछ हो रही है।
