
रोनहाट (सिरमौर)। क्षेत्र में बीते सोमवार को हुई भारी बारिश के चलते बंद पड़े हरिपुरधार-कुपवी व हरिपुरधार-लोहाणधार मार्ग चार दिन बीतने के बाद भी अभी तक नहीं खुल पाए हैं। विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते ग्रामीणों को कई मीलों का सफर पैदल तय करना पड़ रहा है। इन मार्गों के बंद होने से कुलग, नोरा बोरा, बांदल कफलांह व दिवड़ी खडाहं पंचायतों के सैकड़ों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कुलग पंचायत की प्रधान नीलम शर्मा, उप प्रधान मोहन सिंह चौहान, नोरा बोरा पंचायत के पूर्व प्रधान तुलसी राम सहित ग्रामीण सुरेंद्र चौहान, भगत राम, दिनेश कुमार, सही राम शर्मा, प्रकाश शर्मा, दिनेश ठाकुर आदि ग्रामीणों का कहना है कि इन मार्गों के बंद होने से क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांव के लोग प्रभावित हो रहे हैं। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को अपने घर का राशन भी पीठ पर उठाकर लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र ही मार्ग को बहाल करने की मांग की है।
उधर इस संबंध में लोनिवि उप मंडल कुपवी के कनिष्ठ अभियंता प्रिंस कुमार ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए हरिपुरधार व कुपवी से दो जेसीबी मशीनें भेज दी गई हैं। जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
