
सरकार ने अगर फिर भी धान घोटाले की जांच करवाने, धान व बाजरे के न्यूनतम समर्थन मूल्य से किसानों को कम किए गए भुगतान की अदायगी करवाने और फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के खातों से जबरदस्ती काटी गई रकम वापस नहीं लौटाया तो इनैलो किसानों के हित के लिए संघर्ष करने को तैयार है।
भाजपा सरकार द्वारा स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाने और चुनाव घोषणा पत्र में किए गए वायदे पूरे किए जाने की भी इनैलो ने मांग की है। उन्होंने कहा की मैंने स्वयं लगभग हरियाणा की 35 मंडियों में व्यक्तिगत तौर पर दौर किया और वहां आढ़तियों, किसानों व व्यापारियों से मिलकर वहां की स्थिति का जायजा लिया। अभय ने उक्त बातें शुक्रवार को गुड़गांव में प्रैसवार्ता के दौरान व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि धान की खरीद की लूट पिछले साल भी हुई और हमने इस मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा परन्तु इस गूंगी बहरी बीजेपी सरकार ने कोई भी जांच नहीं करवाई। अब की बार धान व बाजरे की फसल खरीद लूट में करोड़ों का घोटाला हुआ। यह घोटाला किसी कॉमनवेल्थ गेम घोटाले से कम घोटाला नहीं होगा। अगर इसकी जांच सी.बी.आई. द्वारा करवाई जाए तो इसमें दूध का दूध और पानी का पानी सामने आ जाएगा। चौटाला ने गुड़गांव की खांडसा मंडी में हुई तोड़फोड़ के लिए भाजपा सरकार की निंदा की।

