
नाहन/सराहां: पच्छाद क्षेत्र में एक सोसायटी बनाकर क्षेत्र के भोले भाले लोगों से इंश्योरैंस के नाम पर 2 लाख 27 हजार रुपए की ठगी करने का मामला पुलिस ने दर्ज किया है। 2 शिकायतकर्ताओं ने पुलिस में अलग-अलग मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार पहले तो एक सोसायटी का गठन किया गया और बाद में स्थानीय लोगों को बेहतर भविष्य के लिए इंश्योरैंस पॉलिसी लेने के लिए फंसाया गया। पुलिस ने मिली शिकायतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी सिरमौर सौम्या साम्बाशिवन के अनुसार सराहां पुलिस थाना में राकेश दत्त पुत्र सुखदर्शन निवासी गांव कोठी सराहां ने शम्मी शर्मा पुत्र सत्यानंद निवासी गांव मोहर मल्हाड़ी डाकघर पानवा तहसील पच्छाद के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि उक्त व्यक्ति ने सोसायटी का गठन किया जिसका मुख्य कार्यालय नैनाटिक्कर व ब्रांच ऑफिस मोहर मल्हाड़ी में खोला। इस दौरान आरोपी ने लोगों को बेहतर भविष्य के लिए इंश्योरैंस पॉलिसी लेने के लिए कहा। शिकायतकर्ता राकेश दत्त को आरोपी ने 8 हजार रुपए प्रतिमाह पर लोगों से पॉलिसी का प्रीमियम एकत्रित करने के लिए नियुक्त किया तथा उसने प्रीमियम की एवज में 1,63,756 लाख रुपए एकत्रित करके दिए लेकिन आरोपी ने उक्त राशि को इंश्योरैस कार्यालय में जमा नहीं करवाया।
इसी मामले में एक अन्य शिकायत जसवंत सिंह पुत्र विद्या दत्त निवासी गांव मोहर मल्हाड़ी ने भी दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता जसवंत सिंह के अनुसार आरोपी शम्मी शर्मा ने उसे 8 हजार रुपए प्रतिमाह इंश्योरैंस प्रीमियम एकत्रित करने के लिए नियुक्त किया था जिसने 64,100 रुपए एकत्रित करके दिए लेकिन आरोपी ने यह रकम भी इंश्योरैंस कार्यालय में जमा नहीं करवाई। एसपी ने बताया कि दोनों शिकायतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
