
रेलवे की ट्वाइलेट को लेकर शिकायत करने वाले यात्रियों को जल्द ही नई सौगात मिल सकती है। जल संरक्षण की पहल के तहत सरकार आगामी रेल बजट में इको- फ्रैंडली वैक्यूम ट्वाइलेट की सौगात दे सकती है जो जल्द ही मौजूदा रेलवे ट्वाइलेट की जगह लेगी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक नया वैक्यूम ट्वाइलेट मौजूदा रेलवे ट्वाइलेट से भी कम पानी की खपत करता है। रेलवे फिलहाल इन ट्वाइलेटों को कुछ ट्रेनों में ही लगाने की योजना बना रही है।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी की माने तो रेलवे स्टेशनों पर जल प्रबंधन के लिए एक योजना तैयार कर ली गई है, जिसका सीधा फायदा रेलवे को होगा।
गौरतलब है कि रेल परिवहन में इको फ्रैंडली गतिविधियों को तेज करने की पहल के तहत रेल मंत्री सुरेश प्रभु रेल बजट 2015-16 में इसकी घोषणा कर सकते हैं। इतना ही नहीं रेल मंत्रालय आगामी बजट में देशभर के रेलवे तंत्र में पानी लेखा परीक्षा योजना की घोषणा भी करेगी।
