कांग्रेस सत्ता में आई तो झुग्गी वासियों को फ्लैट देंगे: माकन

कांग्रेस सत्ता में आई तो झुग्गी वासियों को फ्लैट देंगे: माकन

कांग्रेस ने दिल्ली में उसकी सरकार आने पर झुग्गी-झोंपड़ी वासियों से जहां वह रह रहे हैं उसी स्थान पर फ्लैट बनाकर देने का वायदा किया है और इसके लिए आज विधेयक का प्रारूप भी जारी किया। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की प्रचार अभियान समिति के प्रमुख अजय माकन और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद्र सिंह लवली ने यहां संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि पार्टी की सरकार बनने पर झुग्गी-झोंपड़ी में रहने वाले परिवार को उसी स्थान पर 25 से 40 वर्गमीटर के फ्लैट बनाकर दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि फिलहाल फ्लैट के लिए भुगतान योजना के बारे में फैसला नहीं किया गया है किंतु उसकी कोशिश रहेगी कि यह फ्लैट मुफ्त में दिया जाए। माकन ने कहा कि यह सिर्फ वायदा नहीं है और इसी के मद्देनजर पार्टी ने इसके लिए विधेयक भी तैयार कर लिया है। उसकी सरकार बनने के एक साल के भीतर इसे कानूनी जामा पहनाकर लोगों को फ्लैट का अधिकार दिया जाएगा। मालिकाना हक के लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र तथा बिजली-पानी के बिल आदि मान्य होंगे। माकन ने आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में व्यस्त हैं और उनके पास दिल्ली की जनता के बारे में सोचने की फुर्सत ही नहीं है।
‘आप’ के संयोजक अरविंद केजरीवाल गणतंत्र दिवस परेड में उनको आमंत्रित नहीं किए जाने को मुद्दा बनाए हुए हैं जबकि भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी केजरीवाल को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्यौता दे रही हैं। दोनों आपस में लडऩे में लगे हुए हैं। उनके पास जनता से जुड़े मुद्दों के बारे में सोचने का समय नहीं है।

Related posts