
अमरीका में भारत के राजदूत एस जयशंकर को बुधवार रात अचानक सुजाता सिंह को हटाते हुए उनके स्थान पर नया विदेश सचिव नियुक्त कर दिया गया। 1977 बैच के आईएफएस अधिकारी जयशंकर की सेवानिवृत्ति में केवल दो दिन का समय बचा था। वह आज विदेश सचिव का पदभार संभालेंगे और नियमों के अनुसार उनका कार्यकाल दो साल का होगा। पिछले वर्ष अमरीका में राजदूत नियुक्त किए जाने से पूर्व जयशंकर चीन में भारत के राजदूत थे।
सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीका यात्रा के दौरान और हाल ही में संपन्न अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जयशंकर को विदेश सचिव के पद पर नियुक्त किए जाने का फैसला यहां कैबिनेट की नियुक्ति संबंधी समिति में लिया गया। समिति की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की।
बुधवार देर रात जारी किए गए संक्षिप्त आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अगस्त 2013 में तीसरी महिला विदेश सचिव के रूप में पदभार संभालने वाली सुजाता के कार्यकाल में तत्काल प्रभाव से ‘‘कटौती’’ कर दी गई है। उनके कार्यकाल के अभी आठ महीने बचे थे।
