लुटेरों के गिरेबान तक जल्द पहुंचने का दावा

नालागढ़ (सोलन)। लुटेरों के गिरेबान तक पहुंचने में नालागढ़ पुलिस बस एक कदम दूर होने का दावा कर रही है। लूट के शिकार बने एयरटेल डिस्ट्रीब्यूटर से पुलिस ने पूछताछ में कई अहम सुराग हासिल किए और उसने पुलिस को लुटेरों की पहचान बता दी है। अब पुलिस लुटेरों तक पहुंचने के लिए स्कैच का भी सहारा ले सकती है।
अमन पुत्र गुरदयाल निवासी गांव हरदोनमहोत, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रोपड़, पंजाब एयरटेल का डिस्ट्रीब्यूटर है। वह 4 फरवरी को बागवानियां स्थित मुख्य कार्यालय से 4.50 लाख रुपये कैश लेकर अपने मोटरसाइकिल एचपी-12ई-1234 पर सवार होकर नालागढ़ यूको बैंक के लिए रवाना हुआ और दिनदिहाड़े करीब दो बजे एक स्विफ्ट कार उसका पीछा करते हुए आई और भीड़भाड़ वाले हाइवे मार्ग बागवानियां व खेड़ा के मध्य बेली दयोड़ नामक स्थान पर लुटेरों ने उस पर हमला बोला। लूट की इस घटना के बाद डीएसपी नालागढ़ प्रवीण धीमान ने इससे पूछताछ की और पूछताछ के दौरान पुलिस के हाथों कई अहम सुराग हासिल हुए हैं। अमन ने पुलिस को बताया है कि वह लुटेरों की शक्लें अच्छी तरह से पहचानता है, लेकिन पुलिस अभी अन्य सुरागों के आधार पर लुटेरों की धरपकड़ में जुटी हुई है। इस संबंध में डीएसपी प्रवीण धीमान ने कहा कि पुलिस के हाथों काफी सुराग हाथ लगे हैं, जिनके तहत पुलिस जांच आगे बढ़ाते हुए लुटेरों की धर पकड़ के लिए जाल बिछा रही है। लाजमी हुआ तो स्कैच का भी सहारा लिया जाएगा।

Related posts