21 अगस्त से शुरू होंगी खेल प्रतियोगिताएं

बिलासपुर। शिक्षा विभाग ने अंडर-19 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का खेल कैलेंडर जारी कर दिया है। छात्रों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 21 अगस्त से शुरू होगी। छात्राओं की खंड प्रतियोगिता आठ सितंबर से होगी।
सोमवार को खेल कैलेंडर जारी किया गया। बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा उप निदेशक प्रीतम सिंह ढटवालिया ने की। उन्होंने कहा कि राजकीय, निजी स्कूलों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खेल निधि, खेल शुल्क जमा करवाना होगा। 15 अगस्त तक शुल्क जमा करवा सकते हैं। सभी स्कूलों का प्रतियोगिता में भाग लेना अनिवार्य है। घुमारवीं खंड की छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता 21 से 23 अगस्त तक हटवाड़ स्कूल में होगी। गेहड़वीं खंड की 28 से 30 अगस्त तक समोह, सदर की 21 से 23 अगस्त तक नम्होल, स्वारघाट की 28 अगस्त से 30 अगस्त सीनियर सेकेंडरी स्कूल बस्सी में होंगी। उच्च गेहड़वीं-घुमारवीं की 21 से 23 अगस्त तक उच्च स्कूल गेहड़वीं, उच्च सदर-स्वारघाट की 28 से 30 अगस्त तक धार-टटोह में होगी। छात्र वर्ग के पहले चरण में जिला स्तरीय प्रतियोगिता तीन सितंबर से पांच सितंबर और दूसरे चरण की जिला स्तरीय प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला घुमारवीं में 2 से 28 सिंतबर तक होगी।
छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत आठ से 10 सितंबर तक डंगार स्कूल, तलाई, दयोथ, जकातखाना, बलोह, साईं ब्रह्मणा स्कूल में प्रतियोगिता होंगी। छात्राओं की जिला प्रतियोगिता कन्या पाठशाला बिलासपुर में 13 से 16 सितंबर, छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय एथलेटिक्स मीट घंडीर स्कूल में 10 से 12 अक्तूबर तक होगी। जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन तीन से पांच नवंबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजगाईं में होगा।

Related posts