रोहांड़ा में एक करोड़ से बनेगा सीएचसी भवन

रोहांड़ा में एक करोड़ से बनेगा सीएचसी भवन
सुंदरनगर(मंडी)। मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने शुक्रवार को चौकी विश्राम गृह में पौडाकोठी, निहरी, रोहांडा, डुमटबैहली पंचायतों के लोगों की 165 शिकायतों को सुना। जिनमें से 120 का संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में मौके पर निपटारा कर दिया गया तथा शेष 45 मामलों को शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। इस मौके पर स्थानीय विकास की चर्चा करते हुए सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि एक करोड़ की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांडा के भवन का कार्य आरंभ किया जा रहा है। 67 लाख की लागत से ग्राम पंचायत रोहांडा के पेयजल सुविधा से वंचित गांवों के लिए पेयजल योजना निर्मित की जा रही है वहीं 77 लाख की लागत से डुमट बैहली पंचायत के लिए पेयजल योजना निर्मित की जाएगी। जिसके लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी गई है। क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए पौडाकोठी तथा सिगल में 24 केवी के दो ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे तथा क्षेत्र में लकड़ी के पुराने खंभों को बदलकर नए खंभे लगाए जाएंगे। इस मौके पर डुमटबैहली पंचायत के प्रधान तुला राम, रोहांडा पंचायत की प्रधान बुद्धि देवी, पौडाकोठी पंचायत के प्रधान चुनी लाल, पंचायत समिति सदस्या पार्वती देवी, हरिराम, दलीप सिंह, जिला परिषद के पूर्व सदस्य दिला राम चौहान, बीएमओ अविनाश सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Related posts