घुमारवीं में एनएसयूआई का अनशन

घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद कॉलेज कल्लरी (घुमारवीं) में एनएसयूआई ने आंदोलन का रुख अख्तियार कर लिया है। कॉलेज की समस्याओें को लेकर एनएसयूआई क्रमिक अनशन पर बैठ गए हैं। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कालेज के प्राचार्य जगदीश लाल को 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर मांगों को पूरा करने के लिए आवाज बुलंद की है।
क्रमिक अनशन पर बैठने से पहले एनएसयूआई कार्यकारिणी की बैठक एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अरविंद कालिया की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने बताया कि जमा दो की अनुपूरक परीक्षा उतीर्ण करने वाले छात्रों को कॉलेज में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। इससे हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। एनएसयूआई ने जमा दो की अनुपूरक परीक्षा में उत्तीर्ण हुए छात्रों को कॉलेज में प्रवेश का मौका देने और कालेज में रेन शेल्टर का निर्माण करने की मांग की जा रही है। कैरियर गाइडेंस बोर्ड में कैरियर से संबधी सूचना को अपडेट करने, पीटीए के तहत सालों तक सेवाएं देने वाले माली को फिर से बहाल करने और पीटीए के तहत सभी कर्मचारियों को बहाल करने की मसला भी उठाया है। हॉल बनाने, खेल मैदान बनाने, एनसीसी की एयर फोर्स का बिंग बनाने, पार्किंग, पुलिस कर्मी तैनात करने जैसी कई मांगे उठाई है। एनएसयूआई के कैंपस अध्यक्ष प्रदीप कपलेश व अश्वनी शर्मा दोपहर 12 बजे से क्रमिक अनशन पर बैठ गए है। इस अवसर पर बैठक में अरुण चंदेल, प्रशांत, राहुल, मनीष, नितिन, मधु डोगरा, नेहा, सोनिका, कंचन, पंकज, सचिन, विक्रांत, पुष्पेंद्र नडड व भरत भूषण उपस्थित थे।

Related posts