
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के अंतर्गत गांधी चौक के समीप एक प्रवासी महिला ने कथित तौर पर पति के साथ हुई कहासुनी के बाद तैश में आकर खुद को आग लगा ली। स्वयं पर मिट्टी का तेल छिड़कने के बाद महिला ने आग लगाई। इससे वह बुरी तरह से झुलस गई है। बताया जा रहा है कि उसका 80 प्रतिशत शरीर इस घटना में झुलस गया है। गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिकित्सकों ने आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया है।
मुताबिक घुमारवीं में किराये के मकान में रह रहे पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर जिले के चंपाडंगा निवासी सौरभ की पत्नी सीमा बेगम ने शुक्रवार को खुद पर तेल छिड़ककर आग लगा ली। सौरभ घुमारवीं में ही एक सुनार के यहां काम करता है। घटना के तुरंत बाद महिला को सिविल अस्पताल घुमारवीं ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईपीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक घटना में महिला 80 प्रतिशत तक झुलस गई है। पुलिस के मुताबिक किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद गुस्से में आकर महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस तमाम पहलुओं को मद्देनजर छानबीन कर रही है। एसएचओ सीता राम संधू ने बताया कि पत्नी के बयान के बाद ही सही पता चल सकेगा। फिलहाल भादंसं की धारा 309 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
