मटमैला पानी पी रहे लोग

तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत गुआड़ी के गांव सेईपुल में मटमैला पानी आ रहा है। इससे स्थानीय कारोबारियों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही यहां के आधा दर्जन से अधिक परिवारों के लिए पेयजल संकट पैदा हो गया है। सेईपुल के लिए गडियसर स्त्रोत से पानी की सप्लाई दी जाती है, लेकिन आईपीएच विभाग द्वारा स्त्रोत के पानी स्टोरेज टैंक नहीं बनाया गया है और सीधे स्त्रोत से पानी की सप्लाई दी जा रही है। ऐसे में बरसात के कारण बारिश होने से पानी में मिट्टी आ रही है। यह समस्या पिछले करीब पांच दिन से बनी हुई है। इसके चलते यहां पर आधा दर्जन परिवारों को पेयजल के लिए काफ ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी कमल कुमार, लेख राज, हरि चंद, शाम लाल, खेम राज, ठाकुर लाल, सुरेंद्र, लाल चंद और प्रीतम ने बताया कि उनके घरों में मटमैला पानी आ रहा है। इस कारण बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि स्त्रोत के पास टैंक का निर्माण किया जाए। इसके अलावा पाइप लाइन को दुरुस्त किया जाए।
उधर, आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश के कारण मटमैला पानी आ रहा है। उन्हाेंने कहा कि फीटर को मौके पर भेजकर लाइन को ठीक करवा दिया जाएगा।

Related posts