सरकारी दफ्तरों में गायब मिले आठ कर्मचारी

थुरल/भवारना (कांगड़ा)। सुलह के विधायक एवं सीपीएस जगजीवन पाल ने थुरल में आईपीएच, लोनिवि और बिजली बोर्ड के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय आईपीएच दफ्तर में 6 और लोक निर्माण विभाग में दो कर्मचारी नदारद मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देकर अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगने के आदेश दिए हैं। कहा कि सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की अनुशासनहीनता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने थुरल में खुला दरबार लगा कर लोगों की समस्याओं का निपटारा किया। कहा कि जल्द ही कॉलेज में खाली पदों को भर दिया जाएगा। लोगों की मांग पर डूहक दिल्ली बस, सुजानपुर से डूहक बस चलाने, स्कूल में स्टाफ भरने और सड़क को ठीक करने का आश्वासन दिया। वहीं, मूंढी और आसपास के गांवों में बिजली की समस्या से निजात दिलाने के लिए बिजली बोर्ड को जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने और पुढ़बा में बिजली की समस्या का स्थायी हल निकालने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बच्छवाई क्षेत्र को जोड़ने वाले झूलापुल के साथ मलांदर में लगती कच्ची जगह को पक्का करने के आदेश भी विभाग को दिए। बताया कि पांच लाख से बनने वाले सेदूं और 3 लाख से निर्मित होने वाले नलेहड़ सामुदायिक भवनों का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इस मौके पर जिला पार्षद सदस्य नरेश मेहरा, बीडीसी सदस्य संजय जंवाल, कृपाल सिंह, संतोष, कैप्टन प्रीतम चंद, केएल मेहता, कश्मीर सिंह पटियाल समेत कई अधिकारी व लोग मौजूद रहे।

Related posts