
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। मां ज्वालामुखी का दरबार श्रावण अष्टमी के छठी, सप्तमी और अष्टम नवरात्र में 24 घंटे खुला रहेगा। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर न्यास ने यह निर्णय लिया है। श्रावण अष्टमी नवरात्र के पांचवें दिन ज्वालाजी मंदिर में जन सैलाब उमड़ पडा। करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेककर मां का आशीर्वाद लिया है।
चौथे नवरात्र में श्रद्धालुओं ने 3 लाख 86 हजार 470 रुपये नकद और 51 ग्राम चांदी अर्पित की। इसके अलावा मंदिर में श्रद्धालुओं ने सैकड़ों की तादाद में मुंडन भी करवाए। सहायक मंदिर आयुक्त एवं एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि नवरात्र में भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास की ओर से व्यापक प्रबंध कर रखे हैं। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध मां के दर्शनों के लिए पूरी चेकिंग करके भेजा जा रहा है।
