
शिलाई (सिरमौर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे दिन देने के वादे फुर हो गए हैं। देश भर में महंगाई अपने चरम पर है। लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। यह बात शिलाई ब्लॉक युवा कांग्रेस ने यहां जारी अपने बयान में कही। यूथ कांग्रेस का कहना है कि केंद्र सरकार की सभी नीतियां फेल हो रही हैं। केेंद्र सरकार की ओर से मिलने वाला मनरेगा का बजट भी हिमाचल के लिए बंद कर दिया गया है।
शिलाई ब्लॉक कांग्रेस के रतन सिंह, युकां के महासचिव राहुल चौहान, जिला उपाध्यक्ष बंसीराम, जिप सदस्य दलीप चौहान, पूर्व जिप सदस्य जितेंद्र राणा, टिंबी युकां जोन अध्यक्ष रविंद्र राणा, लाधी जोन के अध्यक्ष प्रकाश कनयाल, नया पजौंड पंचायत के प्रधान व राज्य सहकारी बैंक के निदेशक भारत भूषण मोहिल आदि का कहना है कि केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह से राज्य के साथ भेदभाव कर रही है।
युकां नेताओं का कहना है कि पैसा नहीं मिलने से मनरेगा के दर्जनों कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही लोगोें को घर द्वार मिलने वाला रोजगार भी प्रभावित हो रहा है। यूथ कांग्रेस ने जल्द मनरेगा के तहत मिलने वाले बजट की मांग की है।
