
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का आगाज सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल की उपस्थिति में होगा। रविवार को विधिवत रूप से सुबह नौ बजे मिर्जा परिवार की मिंजर भगवान रघुवीर व लक्ष्मीनाथ मंदिरों में अर्पित करने के साथ इस पर्व का आगाज होगा। इसके बाद सुबह दस बजे चौगान में धनी राम शांडिल ध्वजारोहण करके सप्ताह भर चलने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे। मिंजर मेला इस बार 27 जुलाई से तीन अगस्त तक चलेगा। इस दौरान चौगान में व्यापारिक पंडालों में देश-प्रदेश से आए व्यापारी अपना सामान बेचेंगे। वहीं शाम को सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा।
पहली सांस्कृतिक संध्या चंबा नाइट के नाम
पहली सांस्कृतिक संध्या रविवार को चंबा नाइट के नाम से होगी। इसमें चंबा के लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। सांस्कृतिक संध्या का आगाज हर रोज शाम पांच बजे कूंजड़ी-मल्हार व मुसाधा गायन से होगा। रात को दस बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम चलेंगे। मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या 28 जुलाई को कृतिका व अनुज शर्मा के नाम रहेगी। इसके अलावा इसमें नार्थ जोन कल्चर सेंटर पटियाला की ओर से गुजरात, महाराष्ट्र, गोओ व राजस्थान के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इसी बीच हिमाचली कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा। तीसरी संध्या में 29 जुलाई को मुंबई के पर्श्व गायक ऐश्वर्य निगम अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। इससे पहले एनजेडसीसी व हिमाचल के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
रोशन प्रिंस, साधना सरगम देंगे प्रस्तुतियां
चौथी व पांचवीं संध्या में 30 व 31 जुलाई को हिमाचली व एनजेडसीसी के कलाकारों को ही प्रस्तुतियां देने का मौका मिलेगा। छठी संध्या में एक अगस्त को सुप्रसिद्ध पंजाबी पाप गायक रोशन प्रिंस धमाल मचाएंगे। उनके मंच पर आने से पहले हिमाचली कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। सातवीं सांस्कृतिक संध्या हिमाचली लोक गायक एवं किंग ऑफ नाटी के नाम से मशहूर ठाकुर दास राठी के नाम रहेगी। उनसे पहले हिमाचली कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका साधना सरगम के नाम रहेगी। अंतिम सांस्कृतिक संध्या रात 12 बजे तक चलेगी। इससे पहले स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाएगा। मेले का समापन वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी मिंजर प्रवाहित करके करेंगे।
