बैंक प्रबंधक की होशियारी से दबोचा नटवरलाल

थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के थानाकलां में एक व्यक्ति ने फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर गाड़ी लेने के लिए 9.89 लाख रुपये का लोन लेने का प्रयास किया। लेकिन बैंक कर्मियों और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से नटवरलाल को दबोच लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया है।
यहां तक कि उसने बैंक में गवाही के लिए भी ककराणा गांव के दो लोगों के फर्जी नाम और पते बैंक में दे डाले। मार्जिन मनी 1.55 लाख रुपये भी बैंक में जमा करवा दी। बैंक ड्राफ्ट देने से पहले बैंक मैनेजर ने उक्त व्यक्ति के पिता से बात करनी चाही, उसने वह भी करवा दी। लेकिन फिर भी मैनेजर ने संदेह मिटाने के लिए व्यक्ति को उसके घर लेकर चलने को कहा। गांव में मैनेजर ने लोगों से उसकी शिनाख्त करवाई तो कोई भी व्यक्ति उसे जानने वाला नहीं निकला। मौके पर कई लोग एकत्रित हो गए। इस दौरान आरोपी युवक मौका देखकर जंगल की ओर भाग गया। लेकिन गांव के लोगों व प्रबंधक ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
केसीसी बैंक मैनेजर गुरदयाल सिंह ने कहा है कि यह व्यक्ति 24 जुलाई को बैंक में गाड़ी की कुटेशन लेकर आया था। मार्जिन मनी 1.55 लाख रुपये भी जमा करवा दी। गांव जाने पर इसकी किसी व्यक्ति ने पहचान नहीं की और यह भाग गया। लेकिन लोगों के सहयोग से उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। उधर, एसएचओ बंगाणा महेंद्र सिंह का कहना है कि बैंक मैनेजर की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी का असली नाम करनैल सिंह है। वह विपन कुमार के नाम से अलग-अलग आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा वोटिंग कार्ड बनाकर लोन करवाने के चक्कर में था।

Related posts