कारगिल शहीदों को याद करेंगे पूर्व सैनिकों

कारगिल शहीदों को याद करेंगे पूर्व सैनिकों
बिलासपुर। कारगिल युद्ध में शहीद हुए रणबांकुरों को पूर्व सैनिक याद करेंगे। बिलासपुर में 26 जुलाई को पूर्व सैनिक कल्याण समिति विजय दिवस कार्यक्रम का आयोजन बिलासपुर के सर्किट हाउस में सुबह 11 बजे करने जा रही है। इस कार्यक्रम में परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार और बिग्रेडियर कुशाल ठाकुर भी पहुंचेंगे। समिति की ओर से निमंत्रण पत्र भेजे गए हैं।
पूर्व सैनिक कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष सूबेदार प्रकाश चंद ने कहा कि बिलासपुर के चंगर सेक्टर स्थित शहीद स्मारक में विजय दिवस के उपलक्ष्य पर कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। कारगिल युद्ध में प्रदेश से 52 जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। इसमें सात जवान बिलासपुर जिला के हैं। सभी कारगिल शहीदों को विजय दिवस के उपलक्ष्य पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। प्रकाश चंद ने कहा कि करीब डेढ़ दशक पूर्व पूर्व पाकिस्तान सैनिकों ने कारगिल की पहाड़ियों पर अपना कब्जा कर लिया था, लेकिन भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सेना का मुंह तोड़ जवाब दिया। 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने कारगिल की टाइगर हिल में तिरंगा फहराया। समिति द्वारा अपने स्तर पर हर साल इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। उन्होंने पूर्व सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों के परिवारों और शहीदों के परिवारों से आग्रह किया है कि कार्यक्रम में भाग लें।

Related posts