बिना एनओसी नहीं बेच सकेंगे सामान

चंबा। विभागों से एनओसी न मिलने तक चौगान में मिंजर मेले के लिए बनाई गई अस्थायी दुकानों में कारोबारी सामान नहीं बेच सकेंगे। इस बाबत प्रशासन ने ठेकेदार व कारोबारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। बुधवार को एसडीएम बचन सिंह ने चौगान में मिंजर मेले के लिए बनाई गई अस्थायी दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्था का जायजा लिया व जो भी कमियां पाई गईं संबंधित विभागों के अधिकारियों को उन्हें दूर करने के निर्देश जारी किए। गौर रहे कि ‘अमर उजाला’ ने 23 जुलाई को पृष्ठ चार पर शीषर्क ‘मिंजर मेले से 5 दिन पहले सजा दी दुकानें’ खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा। इस मौके पर उनके साथ बिजली बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग व व्यापार मंडल के सदस्य भी मौजूद थे। एसडीएम बचन सिंह ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को वीरवार तक अस्थायी दुकानों में बिजली की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा फायर अधिकारियों को भी मुस्तैद रहने को कहा है, ताकि कोई आगजनी की घटना होने पर समय रहते काबू पाया जा सके। उन्होंने बताया कि जब तक इन सभी विभागों द्वारा फिटनेस सर्टिफिकेट जारी नहीं कि या जाता तब तक कारोबारी सामान नहीं बेच सकते।

Related posts