
सरकाघाट (मंडी)। धर्मपुर के डिडणू गांव में डायरिया और उल्टी-दस्त से महिला की मौत के बाद परिवार के अन्य सदस्याें को फिलहाल अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली है। परिवार के पांचाें सदस्य दो दिन से अस्पताल में दाखिल हैं। हालांकि उपचार के बाद सबकी हालत स्थिर बनी हुई है। लेकिन दो दिन से सभी सदस्य अस्पताल में ही दाखिल हैं। डिडणू गांव में दो दिन पहले परिवार के छह सदस्य अचानक उल्टी-दस्त और डायरिया की चपेट में आ गए थे। इससे एक महिला की मौत भी हो गई थी। मृतक महिला बेटी के घर मेहमान आई थी। लेकिन डायरिया से उसकी बेटी के घर पर ही मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्य दो दिनों से अस्पताल में दाखिल हैं। इसमें चार बच्चे भी शामिल हैं। एक साथ आधा दर्जन लोगाें के डायरिया की चपेट में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने धर्मपुर पीएचसी से चिकित्सकाें और पैरा मेडिकल स्टाफ की एक टीम को प्रभावित गांव डिडणू भेजा है। प्रभावित परिवार के सदस्यों में बबली देवी (36), शिवानी (14), उर्मिला (12), तनु (10) और वनीत (8) वर्ष शामिल हैं। बीएमओ अनिल शर्मा ने बताया कि पैरा मेडिकल स्टाफ की टीम जांच कर रही है। आईपीएच के अधिशासी अभियंता आरएस ठाकुर ने बताया कि पेयजल स्रोतों और निजी भंडारण टंकियाें में क्लोरीन डालने के निर्देश दिए हैं।
