

नई दिल्लीः सोने में गिरावट बढ़ गई है। एमसीएक्स पर सोने का दाम 28,000 रुपए के नीचे फिसल गया है। दरअसल अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट आई है। इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती से दोहरा दबाव पड़ा है। आज अमेरिका में रिटेल महंगाई दर और घरों की बिक्री के आंकड़े जारी होंगे। चांदी का दाम भी 45,000 रुपये के नीचे आ गया है।
कच्चे तेल में तेजी आई है। एमसीएक्स पर कच्चे तेल का दाम 0.5 फीसदी से ज्यादा उछलकर 6,230 रुपये पर पहुंच गया है। दरअसल अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी आई है। नायमैक्स पर क्रूड 103 डॉलर पर पहुंच गया है। आज अमेरिकी पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट आने वाली है। वहीं एमसीएक्स पर नैचुरल गैस की चाल सपाट है।
कल रिकॉर्ड ऊंचाई पर जाने के बाद आज एल्युमीनियम में दबाव है। हालांकि एमसीएक्स पर एल्युमीनियम का भाव अभी भी 121 रुपये के ऊपर है। वहीं कॉपर में मजबूती कायम है और इसका भाव 430 रुपये के आसपास है। लंदन मेटल एक्सचेंज पर जिंक का दाम 3 साल की ऊंचाई पर है। वहीं लंदन मेटल एक्सचेंज पर एल्युमीनियम 16 महीने की ऊंचाई पर है। एमसीएक्स निकेल में 0.1 फीसदी, लेड में 0.2 फीसदी और जिंक में 0.5 फीसदी की मजबूती आई है।
आज चने में तेज गिरावट आई है। एनसीडीईएक्स पर चने का अगस्त वायदा 2 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया है। दरअसल मध्यप्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश हुई है। हालांकि चने की बुआई नवंबर में होती है। लेकिन बारिश से खरीफ दलहन की फसल को फायदा हो सकता है।
