
धर्मशाला। धर्मशाला कॉलेज में एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ता भिड़ गए। दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। कॉलेज में हिंसा के बाद छात्र और छात्राओं में अफरातफरी मच गई। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बताया जा रहा है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने हवा में हथियार भी लहराए। कॉलेज में हिंसा के कारण सहमे कई छात्र कॉलेज से बाहर निकलकर घर लौट गए। एक संगठन के कार्यकर्ता को गंभीर चोटें लगी हैं। दूसरे कार्यकर्ता भी लहूलुहान हुए हैं। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची, हालांकि इस दौरान मामला शांत हो चुका था।
पुलिस ने छात्र और छात्राओं से बात कर मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। यह इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। वारदात के बाद दोनों संगठनों ने लिखित में प्राचार्य को शिकायत दी है। कॉलेज की अनुशासन कमेटी में मामला ने सुलझने पर दोनों संगठनों ने एक दूसरे में मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस स्टेशन धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं का मेडिकल भी करवाया है।
एबीवीपी के रविंद्र कुमार अन्ना ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि एसएफआई और हॉस्टल के छात्रों ने उसके अकेला देखकर मारपीट की है। उसे गंभीर चोटें लगी हैं। एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। डीएसपी हितेश लखनपाल ने कहा कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होेंने कहा कि मामले की छानबीन कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
